• 15 मीटर के दायरे से बाहर के पेड़ो को नहीं काटा जायेगा मिला आश्वासन : जगदलपुर : अग्रसेन चौक से पल्ली नाका तक सड़क चौड़ीकरण के नाम पर पेड़...
• 15 मीटर के दायरे से बाहर के पेड़ो को नहीं काटा जायेगा मिला आश्वासन :
जगदलपुर : अग्रसेन चौक से पल्ली नाका तक सड़क चौड़ीकरण के नाम पर पेड़ों की कटाई पीडब्लूडी विभाग के द्वारा करवाई जा रही है जिसमें कई वर्ष पुराने पेड़ों, फलदार वृक्षों को काटा जा रहा है। जिस पर विरोध प्रकट करते हुए इंद्रावती बचाओ अभियान के सदस्यों ने कई ज्ञापन व चर्चा के माध्यम से इसके श्रेष्ठ समाधान हेतु प्रयास जारी रखा है। अभियान के सदस्यों को विधायक जगदलपुर किरणसिंह देव ने बेहतर विकल्प का आश्वासन दिया था। मगर फिर भी सम्बंधित विभागों द्वारा विगत तीन दिनों से पुनः पेड़ों की कटाई प्रारम्भ कर दी गई। अभियान के सदस्यों ने कल भी इसका विरोध किया था और आज भी बड़ी संख्या में धरमपुरा पल्ली मार्ग पर पहुँच विरोध प्रदर्शन किया।
प्रखर विरोध को देख जिला प्रशासन के अधिकारी, तहसीलदार मौके पर पहुंच कर सदस्यों से चर्चा की व आगे चर्चा हेतु एसडीएम ऑफिस आने का निमंत्रण दिया। एसडीएम द्वारा विषय की गंभीरता व पर्यावरण की अधिकतम सुरक्षा को देखते हुए सामंजस्य पूर्ण समाधान हेतु विस्तार से चर्चा हुई। जिला प्रशासन की ओर से इंद्रावती बचाओ अभियान के सदस्यों को आश्वस्त किया कि अधिकतम पेड़ो जो कि सड़क की 15 मीटर की चौड़ाई के बाहर है उन सभी पेड़ों को बचाने हेतु प्रयास किया जायेगा।
ज्ञात हो कि इस मार्ग पर लगभग 224 चिन्हित पेड़ है जो पर्यावरण को संतुलित बनाने के साथ जैव विविधता के लिए भी अति महत्वपूर्ण है।
आज दशरथ कश्यप, किशोर पारख, संपत झा, शिवनारायण चांडक, रमेश उमरवैश्य, चंद्रेश चांडक, रोहित बैस, कौशल नागवंशी, अप्रतिम झा, सुनीता उमरवैश्य सहित कई सदस्य सुबह से शाम तक विरोध प्रदर्शन, चर्चा आदि में उपस्थित थे। स्थानीय निवासियों व राहगीरों ने भी अभियान के समर्थन में प्रदर्शन में भाग लिया।
कोई टिप्पणी नहीं