दीदी के गोठ: महिलाओं की आवाज को घर-घर तक पहुंचाने की नई पहल जगदलपुर, 31 अगस्त 2025। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्त...
दीदी के गोठ: महिलाओं की आवाज को घर-घर तक पहुंचाने की नई पहल
जगदलपुर, 31 अगस्त 2025। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए ‘दीदी के गोठ’ रेडियो कार्यक्रम की शुरुआत की है। इस अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने भी प्रेरणादायी संदेश देकर प्रदेश की महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में बिहान योजना से जुड़ी महिलाओं (दीदियों) की संघर्ष और सफलता की कहानियां उन्हीं की जुबानी सुनाई गईं। इन कहानियों ने न केवल कार्यक्रम स्थल पर मौजूद महिलाओं को बल्कि आकाशवाणी रायपुर और प्रदेशभर के सभी आकाशवाणी केंद्रों के श्रोताओं को भी प्रेरित किया।
जगदलपुर स्थित जिला पंचायत सभागार में हुए इस कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री बलदेव मंडावी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन और एनआरएलएम जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री राजकुमार देवांगन सहित बड़ी संख्या में दीदियों ने मिलकर कार्यक्रम का श्रवण किया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्व-सहायता समूह की महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
इसके साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और समूह की महिलाओं ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
स्व-सहायता समूहों की मिसाल
कार्यक्रम में उन महिलाओं की कहानियां साझा की गईं, जिन्होंने कठिनाइयों को पार कर आर्थिक मजबूती हासिल की और समाज में नई पहचान बनाई। आज प्रदेश की लाखों महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। इन प्रेरणादायी कहानियों को रेडियो के माध्यम से घर-घर तक पहुंचाने की पहल निश्चित ही छत्तीसगढ़ में महिलाओं के सशक्तिकरण को नई गति प्रदान करेगी।
इसे भी पढ़ें:
- बस्तर बाढ़ प्रभावितों की हर संभव मदद करें सुनिश्चित - मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय
- जिला स्तरीय वन महोत्सव में शामिल हुए वनमंत्री श्री केदार कश्यप और विधायक श्री किरण देव
- वनमंत्री श्री कश्यप ने सुधापाल में किया 3 करोड़ 74 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन
📰 भरोसेमंद खबरें, विश्लेषण और ज़मीनी हकीकत — अब बस एक क्लिक दूर!
👉 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें और ताज़ा अपडेट सबसे पहले पाएं:
कोई टिप्पणी नहीं