धमतरी में गरमाया 'अर्बन नक्सली' विवाद: भाजपा नेता की टिप्पणी से आहत शिक्षक संघ ने की FIR की मांग, आंदोलन की चेतावनी: धमतरी, छत्तीस...
धमतरी में गरमाया 'अर्बन नक्सली' विवाद: भाजपा नेता की टिप्पणी से आहत शिक्षक संघ ने की FIR की मांग, आंदोलन की चेतावनी:
धमतरी, छत्तीसगढ़ : धमतरी जिले में भाजपा अजजा मोर्चा के प्रदेश मंत्री खूब लाल ध्रुव और शिक्षक संघ के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया है। एक सार्वजनिक मंच पर शिक्षकों को 'अर्बन नक्सली' कहे जाने की टिप्पणी ने शिक्षकों को आक्रोशित कर दिया है।
शिक्षक संघ ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे न केवल अपमानजनक बताया, बल्कि इस टिप्पणी को शिक्षकों की गरिमा और सामाजिक प्रतिष्ठा पर हमला करार दिया। संघ ने खूब लाल ध्रुव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो वे राज्यव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कहा, “शिक्षक देश और समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। यदि हमें 'अर्बन नक्सली' जैसे शब्दों से जोड़ा जाएगा, तो यह सहन नहीं किया जाएगा। यह न केवल हमारे आत्मसम्मान पर चोट है, बल्कि यह पूरी शिक्षा व्यवस्था का अपमान है।”
भाजपा नेता खूब लाल ध्रुव ने अब तक अपने बयान पर सफाई नहीं दी है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस बयान की कड़ी आलोचना हो रही है। कई सामाजिक संगठनों ने भी शिक्षक संघ के समर्थन में आवाज उठाई है।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस मुद्दे पर क्या कदम उठाता है, और क्या यह विवाद किसी समझौते तक पहुंचेगा या फिर आंदोलन की राह पकड़ लेगा।
कोई टिप्पणी नहीं