आठ साल की अथक मेहनत रंग लाई, परिवार में खुशी की लहर छत्तीसगढ़ : के धमतरी जिले के लिए यह गौरव का पल है। यहां के होनहार अतुल गोलछा ने संघ ल...
आठ साल की अथक मेहनत रंग लाई, परिवार में खुशी की लहर
छत्तीसगढ़ : के धमतरी जिले के लिए यह गौरव का पल है। यहां के होनहार अतुल गोलछा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित भारतीय वन सेवा (IFS) परीक्षा में ऑल इंडिया स्तर पर 27वीं रैंक हासिल कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है।
अतुल की इस उपलब्धि के पीछे उनकी लगातार 8 वर्षों की कठिन मेहनत, दृढ़ निश्चय और आत्मविश्वास है। एक साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले अतुल ने तमाम चुनौतियों का सामना करते हुए अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ा। आज उनकी इस सफलता पर परिजनों की आंखों में गर्व के आंसू हैं।
परिजनों ने बताया कि अतुल ने हर असफलता को सीख में बदला और निरंतर प्रयास करते रहे। "हमेशा कहा करते थे कि मेहनत का फल जरूर मिलेगा। और आज वही मेहनत रंग लाई है," उनके पिता ने भावुक स्वर में कहा।
धमतरी और आसपास के इलाकों में अतुल की सफलता की खबर फैलते ही बधाइयों का तांता लग गया। सामाजिक संगठनों, शिक्षकों, और पूर्व अधिकारियों ने भी इस उपलब्धि पर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
अतुल अब भारतीय वन सेवा के अधिकारी के रूप में देश की जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभाएंगे। उनकी यह सफलता आने वाले युवाओं के लिए एक प्रेरणा है कि लगातार प्रयास और समर्पण से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।
कोई टिप्पणी नहीं