20 नवंबर 2026 | सुकमा में 18 से 22 नवंबर 2026 के बीच भारी वर्षा की संभावना। मौसम केंद्र और कृषि विश्वविद्यालय की सलाह में धान, रबी बुवाई, ...
20 नवंबर 2026 | सुकमा में 18 से 22 नवंबर 2026 के बीच भारी वर्षा की संभावना। मौसम केंद्र और कृषि विश्वविद्यालय की सलाह में धान, रबी बुवाई, पशुपालन पर निर्देश जारी।

- 21 और 22 नवंबर को सुकमा में भारी वर्षा की प्रबल संभावना, 18 से 22 नवंबर तक घने बादल
- धान की कटाई शीघ्र करें, उपज ढके स्थान पर रखें; मंडी ले जाना मौसम सामान्य होने तक स्थगित
- गेहूं, चना, सरसों की बुवाई और सब्जी रोपाई 3 से 4 दिन टालने की सलाह
सुकमा जिले में 21 और 22 नवंबर को भारी वर्षा की प्रबल संभावना जताई गई है, और किसानों से फसल व पशुधन की सुरक्षा के लिए तुरंत सतर्क होने की अपील की गई है। मौसम पूर्वानुमान और कृषि सलाह का यह बुलेटिन भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (मौसम केन्द्र, रायपुर) तथा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा (परिक्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र, जगदलपुर) ने जारी किया है।
पूर्वानुमान के अनुसार 18 से 22 नवंबर 2026 के दौरान आसमान में 75 से 100 प्रतिशत तक घने बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक और बिजली कड़कने की चेतावनी भी दी गई है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 28 से 30 और न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि हवा में नमी 50 से 95 प्रतिशत के बीच रहेगी। उत्तर और उत्तर-पूर्व दिशा से 2 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
जिन किसानों के खेत में धान कटाई के चरण में है, उनके लिए सलाह साफ है: फसल की शीघ्र कटाई करें, उपज को सुरक्षित और ढके हुए स्थान पर रखें, और कटी फसल को खुले खेत में न छोड़ें। तेज हवा और बारिश की आशंका को देखते हुए धान को मंडी ले जाना फिलहाल स्थगित रखने को कहा गया है। मौसम और परिवहन व्यवस्था सामान्य होने के बाद ही उपज मंडी भेजें।
रबी फसलों की बुवाई पर भी असर पड़ेगा। गेहूं, चना और सरसों की बुवाई तथा सब्जियों की रोपाई आगामी 3 से 4 दिनों तक टालने और मौसम साफ होने पर ही करने को कहा गया है। बारिश के दौरान कीटनाशक या नींदानाशक का छिड़काव न करने, खेतों में जल निकासी सुनिश्चित करने और अरहर में मिट्टी चढ़ाने का सुझाव दिया गया है। इस दौरान सिंचाई और निराई-गुड़ाई रोकने को भी कहा गया है।
सब्जी और फल उत्पादकों के लिए टमाटर, केला और लता वाली सब्जियों को सहारा (स्टेकिंग) देने तथा पपीता और गोभी वर्गीय फसलों के खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने की सलाह है। पशुपालकों और मुर्गीपालकों को पशुओं को सूखे शेड में रखने, पशुशाला में जल निकासी और सूखा बिछावन रखने, स्वच्छ पेयजल और सूखा चारा देने के निर्देश दिए गए हैं। नवजात बछड़ों, मेमनों और बकरी के बच्चों की विशेष देखभाल करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने सभी किसानों से नियमित मौसम पूर्वानुमान और त्वरित कृषि सलाह के लिए "मौसम सीजी" (मेघदूत) मोबाइल ऐप पर पंजीकरण कराने की अपील की है।
स्रोत: जनसंपर्क विभाग, छत्तीसगढ़

कोई टिप्पणी नहीं