3 नवंबर 2026 | नारायणपुर के कोचवाही मल्टी एक्टिविटी सेंटर में प्रभारी सचिव भीम सिंह ने महिला स्व-सहायता समूहों की लड्डू निर्माण, मुर्गीपाल...
3 नवंबर 2026 | नारायणपुर के कोचवाही मल्टी एक्टिविटी सेंटर में प्रभारी सचिव भीम सिंह ने महिला स्व-सहायता समूहों की लड्डू निर्माण, मुर्गीपालन, गायपालन, मछलीपालन और सब्जी उत्पादन गतिविधियों का निरीक्षण किया।

- प्रभारी सचिव भीम सिंह ने कोचवाही मल्टी एक्टिविटी सेंटर का निरीक्षण किया
- लड्डू निर्माण, मुर्गीपालन, गायपालन, मछलीपालन और सब्जी उत्पादन इकाइयों का अवलोकन
- समूहों को प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन, वित्तीय सहयोग और बाजार से जुड़ाव के निर्देश
छत्तीसगढ़ में ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव एवं नारायणपुर जिले के प्रभारी सचिव श्री भीम सिंह ने नारायणपुर जिले के कोचवाही स्थित मल्टी एक्टिविटी सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों का जायजा लिया।
सचिव श्री भीम सिंह ने समूह के सदस्यों से उनके कार्य, उत्पादन क्षमता, विपणन और आमदनी की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता से परिवारों की स्थिति मजबूत होती है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलती है। उन्होंने अधिकारियों को समूहों की आवश्यकताओं का आकलन कर प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन, वित्तीय सहयोग और बाजार से जुड़ाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सचिव श्री भीम सिंह और कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन ने मां इंद्रावती स्व-सहायता समूह की पौष्टिक लड्डू निर्माण इकाई का अवलोकन किया। उन्होंने उत्पादन, बिक्री और आय की जानकारी ली। उन्होंने गुणवत्ता, पैकेजिंग और विपणन पर ध्यान देने के लिए कहा।
सचिव ने लक्ष्मी स्व-सहायता समूह की मुर्गीपालन इकाई का निरीक्षण किया और मुर्गियों की संख्या, उत्पादन, रखरखाव और आर्थिक लाभ की जानकारी ली। समूह की महिलाओं ने गतिविधि के विस्तार के लिए आर्थिक सहायता का आग्रह किया। इस पर अधिकारियों को सहयोग की संभावनाओं का परीक्षण करने और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। गायपालन इकाई में भी पशु रखरखाव, चारा व्यवस्था, दुग्ध उत्पादन और आय पर चर्चा हुई। समूह की अतिरिक्त आर्थिक सहायता की मांग पर अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर विभागीय योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी सचिव ने मल्टी एक्टिविटी सेंटर की बटेरपालन इकाई का अवलोकन किया और उसकी आर्थिक संभावनाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने गायत्री स्व-सहायता समूह द्वारा तालाब में किए जा रहे मछलीपालन का निरीक्षण किया। मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों को समूह को बेहतर गुणवत्ता वाले मत्स्य बीज और आधुनिक तकनीकों पर मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए गए। मां शीतला स्व-सहायता समूह की सब्जी उत्पादन इकाई में भी उत्पादन लागत, बिक्री और लाभ की जानकारी ली गई।
सचिव श्री भीम सिंह ने कहा कि महिलाओं को केवल उत्पादन तक सीमित न रखकर उद्यमिता, मूल्य संवर्धन, विपणन और व्यवसाय प्रबंधन से भी जोड़ना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक समूह की गतिविधियों और संभावनाओं का आकलन कर व्यावहारिक कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए, ताकि प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता और विभागीय योजनाओं का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम श्री सौरभ दीवान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
स्रोत: जनसंपर्क विभाग, छत्तीसगढ़

कोई टिप्पणी नहीं