6 नवंबर 2026 | मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में कृषक उन्नति योजना खरीफ-2026 की समीक्षा बैठक में अनुदान प्रक्रिया को पारदर्शी बनान...
6 नवंबर 2026 | मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में कृषक उन्नति योजना खरीफ-2026 की समीक्षा बैठक में अनुदान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने, डेटाबेस एकीकरण और सत्यापन पर निर्देश दिए गए।

- योजना का क्रियान्वयन पारदर्शी और सरल बनाने के निर्देश
- एग्रीस्टैक पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे में धान अंकन अनिवार्य
- पिछले वर्ष धान न बेचने वाले किसानों का भौतिक सत्यापन होगा
मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में कृषक उन्नति योजना खरीफ-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन पर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में किसानों को आदान सहायता (अनुदान) राशि देने की प्रक्रिया, पात्रता के दिशा-निर्देश और डेटाबेस एकीकरण पर चर्चा हुई।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का क्रियान्वयन पूरी तरह पारदर्शी, सरल और त्रुटिरहित हो। उन्होंने कृषि विभाग के विभिन्न पोर्टलों और धान खरीदी डेटाबेस को आपस में जोड़ने पर जोर दिया, ताकि किसानों से बार-बार दस्तावेज या जानकारी न मांगी जाए।
डिजिटल क्रॉप सर्वे, किसान आईडी, फार्म आईडी और गिरदावरी के आंकड़ों को आपस में जोड़ने के निर्देश भी दिए गए। इससे किसानों की कुल भूमि और फसल के रकबे की जानकारी का बेहतर उपयोग हो सकेगा। किसानों को अपनी फार्म आईडी की पुष्टि करने और अनुदान के लिए आवेदन करने की सहज सुविधा देने को कहा गया।
योजना का लाभ लेने के लिए एग्रीस्टैक में पंजीयन अनिवार्य होगा। डिजिटल क्रॉप सर्वे में संबंधित भूमि पर धान की फसल दर्ज होना आवश्यक है। धान खरीदी के तहत कम से कम एक सफल खरीदी लेन-देन होना जरूरी है, जिसके लिए खाद्य विभाग के धान खरीदी पोर्टल की जानकारी का उपयोग होगा।
धान खरीदी के दौरान टोकन जारी करते समय अनुदानित रकबे का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। पिछले वर्ष धान न बेचने वाले किसानों के मामलों में भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से करने को कहा गया है।
बैठक में दलहन, तिलहन और मिलेट्स (कोदो-कुटकी-रागी) की खरीदी व्यवस्था और इन फसलों के उत्पादक किसानों को मिलने वाले प्रोत्साहन की जानकारी प्रसारित करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य सचिव ने ग्रामीण अंचलों में योजना की शर्तों और आवेदन प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर बल दिया।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, वित्त एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, खाद्य विभाग की सचिव सुश्री रीना बाबा साहेब कंगाले, कृषि विभाग के सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी, सहकारिता विभाग के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, राजस्व विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी, संचालक कृषि श्री राहुल देव, संचालक भू-अभिलेख श्री विनीत नंदवार और प्रबंध संचालक मार्कफेड श्री जितेन्द्र शुक्ला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क विभाग, छत्तीसगढ़

कोई टिप्पणी नहीं