3 नवंबर 2026 | कबीरधाम में बानौ से कान्हाभैरा मार्ग के क्षतिग्रस्त मिलने पर लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदार और तत्कालीन अधिकारियों को नोटिस ज...
3 नवंबर 2026 | कबीरधाम में बानौ से कान्हाभैरा मार्ग के क्षतिग्रस्त मिलने पर लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदार और तत्कालीन अधिकारियों को नोटिस जारी किए हैं। सात दिनों में सुधार का निर्देश।

- ठेकेदार मेसर्स कन्हैया लाल अग्रवाल को सात दिनों में सुधार का नोटिस
- तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी और उप अभियंता को कम्पेक्शन रिपोर्ट देने का नोटिस
- 6.70 किमी मार्ग फरवरी-2031 तक पांच वर्ष की परफॉरमेंस गारंटी में
लोक निर्माण विभाग ने कबीरधाम जिले के 6.70 किलोमीटर लंबे ग्राम बानौ से कान्हाभैरा मार्ग के क्षतिग्रस्त होने और खराब गुणवत्ता पर ठेकेदार और अभियंताओं को नोटिस जारी किया है। विभाग को इस सड़क के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत मिली थी।
शिकायत के आधार पर 27 अक्टूबर को लोक निर्माण विभाग के कवर्धा संभाग के कार्यपालन अभियंता, बोड़ला उप संभाग के अनुविभागीय अधिकारी और उप अभियंता ने संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण में मार्ग के विभिन्न स्थानों पर पूरी चौड़ाई में और कुछ स्थानों पर बाईं ओर का हिस्सा धसका हुआ मिला। इन हिस्सों को उखाड़कर जी.एस.बी. सतह से निर्धारित मापदंडों के अनुसार सुधारने की आवश्यकता बताई गई है।
विभाग ने ठेकेदार मेसर्स कन्हैया लाल अग्रवाल को सात दिनों के भीतर क्षतिग्रस्त हिस्से में सुधार करने और उसके फोटोग्राफ्स कार्यपालन अभियंता को देने का नोटिस दिया है। तय समय में काम न होने पर अनुबंध के अनुसार ठेकेदार के रिस्क एंड कॉस्ट पर सुधार कराया जाएगा। इसका भुगतान रोकी गई परफॉर्मेंस गारंटी की राशि से किया जाएगा।
ठेकेदार ने इस साल फरवरी में 6.70 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का निर्माण पुल-पुलियों सहित पूरा किया था। यह सड़क फरवरी-2031 तक पांच वर्ष की परफॉरमेंस गारंटी में है।
निरीक्षण में निर्माण अवधि के दौरान मार्ग का पर्याप्त कम्पेक्शन नहीं पाया गया। विभाग ने इसे कार्य में लापरवाही और उदासीनता माना है। इसी आधार पर तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी श्री उमाप्रसाद जोशी और उप अभियंता श्री एल.आर. छत्तरे को नोटिस जारी किया गया है।
दोनों अधिकारियों से कम्पेक्शन टेस्ट की विस्तृत रिपोर्ट तीन दिनों के भीतर कार्यपालन अभियंता को देने को कहा गया है। रिपोर्ट न देने पर आरोप पत्र जारी कर विभागीय जाँच प्रस्तावित की जाएगी।
स्रोत: जनसंपर्क विभाग, छत्तीसगढ़

कोई टिप्पणी नहीं