• तीन साल से अटकी जीपीएफ, सीपीएफ और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की राशि के भुगतान के लिए मिला अनुदान; आगामी छह महीने के वेतन के लिए 7 करोड़ रुपय...
• तीन साल से अटकी जीपीएफ, सीपीएफ और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की राशि के भुगतान के लिए मिला अनुदान; आगामी छह महीने के वेतन के लिए 7 करोड़ रुपये का प्रावधान। टाउन हॉल में अधिकारी-कर्मचारियों ने किया महापौर का अभिनंदन। :
जगदलपुर। नगर निगम जगदलपुर के अधिकारी-कर्मचारियों के वर्षों से लंबित आर्थिक स्वत्वों के भुगतान की दिशा में राहत भरी पहल हुई है। शासन से नगर निगम को 21 करोड़ 50 लाख रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ है। महापौर संजय पांडे के प्रयासों से उपलब्ध हुई इस राशि में कर्मचारियों के लंबित जीपीएफ, सीपीएफ और परिवार कल्याण निधि के भुगतान के साथ सेवानिवृत्त कर्मचारियों के उपादान और समर्पित अवकाश नकदीकरण की राशि शामिल है। इसके अलावा आगामी छह महीने के वेतन भुगतान के लिए भी 7 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
इस अनुदान से उन अधिकारी-कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो पिछले तीन वर्षों से अपनी अर्जित राशि के भुगतान का इंतजार कर रहे थे। विशेष रूप से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के उपादान और समर्पित अवकाश नकदीकरण की राशि लंबित रहने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
21.50 करोड़ रुपये का मदवार विवरण
नगर निगम को प्राप्त अनुदान का मदवार विवरण इस प्रकार है:
- 5 करोड़ रुपये: लंबित जीपीएफ, सीपीएफ एवं परिवार कल्याण निधि के भुगतान के लिए।
- 2.25 करोड़ रुपये: सेवानिवृत्त कर्मचारियों के उपादान भुगतान के लिए।
- 25 लाख रुपये: समर्पित अवकाश नकदीकरण के लिए।
- 7 करोड़ रुपये: आगामी छह महीने के वेतन भुगतान के लिए।
- 7 करोड़ रुपये: अन्य आवश्यक एवं अनिवार्य मदों के लिए।
इस तरह कुल 21.50 करोड़ रुपये का अनुदान निगम को मिला है। इससे कर्मचारियों के लंबित आर्थिक स्वत्वों के भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ निगम की आर्थिक व्यवस्था को भी सहारा मिलने की उम्मीद है।
टाउन हॉल में कर्मचारियों ने किया महापौर का अभिनंदन
शासन से अनुदान उपलब्ध होने पर नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी टाउन हॉल में आभार प्रदर्शन सभा आयोजित की। इस दौरान कर्मचारियों ने महापौर संजय पांडे का अभिनंदन कर उनके प्रति आभार जताया। निगम परिसर में भी अभिनंदन बैनर लगाया गया, जिसमें तीन वर्षों से लंबित जीपीएफ, सीपीएफ, परिवार कल्याण निधि और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वत्वों के भुगतान के लिए अनुदान उपलब्ध कराने में उनकी पहल की सराहना की गई।
कर्मचारियों ने कहा कि वे त्योहारों, अवकाश और विषम परिस्थितियों में भी शहर की सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे रहते हैं। इसके बावजूद सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण उनके अपने आर्थिक स्वत्वों का भुगतान लंबे समय से अटका हुआ था। अब अनुदान मिलने से कर्मचारियों और उनके परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।
महापौर ने मुख्यमंत्री सहित जनप्रतिनिधियों का जताया आभार
कार्यक्रम में महापौर संजय पांडे ने कहा कि नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी शहर की व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे दिन-रात मेहनत कर नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में उनके आर्थिक अधिकारों और परिवारों की सुरक्षा से जुड़े भुगतान लंबे समय तक लंबित रहना चिंता का विषय था।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की परेशानी को देखते हुए शासन स्तर पर अनुदान उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए गए। महापौर ने इस कार्य में सहयोग और मार्गदर्शन के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व के प्रति आभार जताया। साथ ही उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप और जगदलपुर विधायक किरण देव का भी धन्यवाद किया।
महापौर ने कहा कि नगर विकास के साथ निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के हितों की रक्षा भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। कर्मचारियों को उनके अधिकारों की राशि समय पर मिले और निगम की आर्थिक व्यवस्था बेहतर हो, इसके लिए आगे भी प्रयास जारी रहेंगे।
आयुक्त बोले- जटिल काम को पूरा करना बड़ी उपलब्धि
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा ने महापौर संजय पांडे के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस कुशलता और प्रतिबद्धता के साथ महापौर ने इस जटिल कार्य को अंजाम तक पहुंचाया है, वैसा काम कोई दूसरा व्यक्ति आगामी 10 वर्षों में भी पूरा नहीं कर पाता।
आयुक्त ने कहा कि महापौर ने नगर निगम और यहां कार्यरत कर्मचारियों को हमेशा प्राथमिकता में रखा है। उनकी प्रतिबद्धता के चलते वर्षों से लंबित आर्थिक स्वत्वों के भुगतान का रास्ता खुला है।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों के वेतन भुगतान को नियमित करने की दिशा में भी पहल की गई है। आगामी समय में हर महीने की 10 तारीख तक कर्मचारियों के बैंक खातों में वेतन पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही वर्षों से लंबित भुगतान भी इसी माह तक करने की दिशा में काम किया जाएगा। आयुक्त के अनुसार, इस पहल से कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा मिलने के साथ उनका मनोबल भी बढ़ेगा।


कोई टिप्पणी नहीं