3 नवंबर 2026 | भारतीय नौसेना ने सोमालिया के तट के पास अपहृत मछली पकड़ने वाले जहाज अजिनी को 48 घंटे से अधिक के अभियान में मुक्त कराया। चालक...
3 नवंबर 2026 | भारतीय नौसेना ने सोमालिया के तट के पास अपहृत मछली पकड़ने वाले जहाज अजिनी को 48 घंटे से अधिक के अभियान में मुक्त कराया। चालक दल के सभी 20 सदस्य सुरक्षित हैं।

- 48 घंटे से अधिक के अभियान में जहाज 'अजिनी' मुक्त
- चालक दल के सभी 20 सदस्य सुरक्षित, कोई हताहत नहीं
- युद्धपोत, निगरानी विमान और मरीन कमांडो का संयुक्त अभियान
भारतीय नौसेना ने 48 घंटे से अधिक समय तक चले अभियान के बाद सशस्त्र समुद्री लुटेरों के कब्जे से मछली पकड़ने वाले जहाज 'अजिनी' को मुक्त करा लिया है। जहाज पर सवार चालक दल के सभी 20 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है। विज्ञप्ति के अनुसार किसी के हताहत या घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
मछली पकड़ने वाले जहाज 'अजिनी' का अपहरण पिछले महीने की शुरुआत में सोमालिया के उत्तर-पूर्वी तट के पास सशस्त्र समुद्री लुटेरों के एक समूह ने किया था। आशंका थी कि अपहृत जहाज का इस्तेमाल इस क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर हमले के लिए 'मदर शिप' (मुख्य जहाज) के रूप में किया जा सकता है। इससे समुद्री सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया था।
भारतीय नौसेना ने इस मामले में तुरंत एक युद्धपोत भेजा। इसके साथ एक समुद्री निगरानी विमान का भी सहयोग लिया गया। आपसी तालमेल से लगातार निगरानी के बाद जहाज का पता लगाया गया। उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई और उसे सीमित करने तथा भागने से रोकने के लिए सुनियोजित गैर-घातक उपाय अपनाए गए।
भारतीय वायु सेना के सी-17 विमान से सटीक एयरड्रॉप के माध्यम से मरीन कमांडो की अतिरिक्त तैनाती की गई। इसके बाद नौसेना ने जहाज को अपने नियंत्रण में लिया, समुद्री लुटेरों के खतरे को खत्म किया और चालक दल की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित की।
भारतीय नौसेना ने कहा कि यह अभियान विभिन्न सेनाओं के बीच समन्वय और उसकी परिचालन तत्परता को दर्शाता है। नौसेना समुद्री नाविकों की सुरक्षा, महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा और हिंद महासागर क्षेत्र में स्थिर समुद्री वातावरण के लिए प्रतिबद्ध है।
स्रोत: पत्र सूचना कार्यालय (PIB)

कोई टिप्पणी नहीं