6 नवंबर 2026 | राज्यपाल रमेन डेका ने लोक भवन में डीएमएफ बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए दो वर्ष का रोडमैप बनाने और पर्यावर...
6 नवंबर 2026 | राज्यपाल रमेन डेका ने लोक भवन में डीएमएफ बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए दो वर्ष का रोडमैप बनाने और पर्यावरण संरक्षण को पहली प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

- डीएमएफ राशि के उपयोग में पर्यावरण संरक्षण को पहली प्राथमिकता
- कम से कम दो वर्ष का रोडमैप तैयार करने के निर्देश
- बस्तर में डीएमएफ से विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा है कि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) की राशि का उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों के समग्र विकास और वहां के निवासियों का जीवन स्तर सुधारने के लिए होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके तहत पर्यावरण प्रदूषण को नियंत्रित करना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
यह बात राज्यपाल ने आज लोक भवन में डीएमएफ की गतिविधियों, खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों और आगामी पांच वर्षों की कार्ययोजना पर आयोजित बैठक में कही। उन्होंने डीएमएफ राशि के प्रभावी और सुनियोजित उपयोग के लिए कम से कम दो वर्ष का रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के कार्यों को अभियान के रूप में चलाने पर जोर दिया और कहा कि इसके लिए पर्यावरणविदों का सहयोग लिया जाए।
राज्यपाल ने उद्योगों से चर्चा कर पर्यावरणीय मानकों और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। नदियों से रेत उत्खनन के लिए उन्होंने वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल तरीके अपनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि रेत खदानों में वैज्ञानिक तरीके से उत्खनन को लेकर विशेष अभियान चलाया जाए।
राज्यपाल ने कलेक्टरों को आम जनता से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं को समझने के निर्देश दिए। इसी के अनुरूप डीएमएफ की कार्ययोजना बनाने को कहा गया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को विकास कार्यों के क्रियान्वयन में विश्वास में लेने और डीएमएफ की नियमित बैठकें करने को कहा, ताकि प्रगति की समीक्षा समय पर हो सके।
राज्यपाल ने खनन प्रभावित क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के आवास प्राथमिकता से पूरे कराने को कहा। बस्तर क्षेत्र में डीएमएफ के माध्यम से विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और मुख्यधारा में लौटे लोगों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने के निर्देश भी दिए गए।
विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए विशेष चिकित्सा शिविर और स्वास्थ्य व जीवनशैली में सुधार के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाने को कहा गया। मनरेगा की तर्ज पर डीएमएफ कार्यों में परिसंपत्तियों के निर्माण और उनके भौतिक सत्यापन पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए गए। विस्थापित परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया।
खनिज विभाग के सचिव श्री पी दयानंद ने बैठक में डीएमएफ की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डीएमएफ पोर्टल 2.0 पर हर परियोजना और कार्य की जानकारी उपलब्ध है और उसके जरिए कार्यों की प्रगति की निगरानी की जा रही है। बैठक में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, खनिज विभाग के अधिकारी और खनन प्रभावित जिलों के कलेक्टर उपस्थित थे।
स्रोत: जनसंपर्क विभाग, छत्तीसगढ़

कोई टिप्पणी नहीं