4 नवंबर 2026 | लोक निर्माण विभाग की एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला 'निर्माण मंथन' में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अभियंताओं को गु...
4 नवंबर 2026 | लोक निर्माण विभाग की एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला 'निर्माण मंथन' में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अभियंताओं को गुणवत्ता, तकनीक और नवाचार पर संबोधित किया।

- एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला 'निर्माण मंथन' में प्रदेशभर के अभियंता शामिल
- उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुणवत्ता, मानकों और फील्ड में सक्रियता पर जोर दिया
- परफॉर्मेंस गारंटी की अवधि तीन वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष की गई
उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव आज विभागीय अभियंताओं के लिए आयोजित 'निर्माण मंथन' में शामिल हुए। लोक निर्माण विभाग की इस एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला में मुख्य अभियंता से लेकर उप अभियंता तक शामिल हुए। कार्यशाला में सड़क, पुल एवं भवन निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण, सर्वेक्षण, प्राक्कलन, निविदा प्रक्रिया और सड़कों के रखरखाव पर तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया।
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के विशेषज्ञों और वरिष्ठ अभियंताओं के साथ अभियंताओं ने गुणवत्ता, तकनीक और नवाचार पर विचार-विमर्श किया। कार्यशाला रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में हुई।
श्री साव ने प्रदेशभर से आए अभियंताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के शिल्पकार हैं। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना को मजबूत करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को राज्य के विकास का 'ग्रोथ-इंजन' बताया। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के बाद पिछले 26 वर्षों में आए बड़े बदलाव में विभाग की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने यह भी कहा कि नक्सलवाद की समाप्ति के बाद विकास कार्यों के लिए कोई प्रतिकूलता नहीं है।
श्री साव ने अभियंताओं से नई तकनीक, मशीनरी और कार्य पद्धति अपनाने तथा खुद को अपडेट रखने को कहा। उन्होंने कहा कि खराब या त्रुटिपूर्ण काम से पूरे विभाग पर प्रश्न उठता है। उन्होंने निर्धारित मानकों और मापदंडों का गंभीरता से पालन करने और कार्यालय से लेकर फील्ड तक सक्रिय रहने को कहा।
लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने अनुबंधों का कड़ाई से पालन, बेहतर तकनीकों के अध्ययन और ब्लैक-स्पॉट्स दूर करने पर जोर दिया। उन्होंने फील्ड और फाइल दोनों के कार्य दुरुस्त रखने को कहा।
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी ने बताया कि विभाग ने सड़कों की परफॉर्मेंस गारंटी की अवधि तीन वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष कर दी है। उन्होंने निर्माण सामग्री और गुणवत्ता की कड़ाई से जांच कर ही ठेकेदारों को भुगतान करने को कहा।
प्रशिक्षण में रोलर कॉम्पैक्टेड कंक्रीट, व्हाइट टॉप कंक्रीट, पुल निर्माण, भवन रखरखाव, WAMIS और GePNIC जैसे विषय शामिल थे। सेतु परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री एस.के. कोरी, कार्यपालन अभियंता श्री पी.के. गुप्ता, अपर सचिव श्री एस.एन. श्रीवास्तव और छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम (CGRIDCL) के अतिरिक्त प्रबंध संचालक श्री शशांक पाण्डेय ने सत्र लिए।
स्रोत: जनसंपर्क विभाग, छत्तीसगढ़

कोई टिप्पणी नहीं