17 नवंबर 2026 | बिलासपुर के सेंदरी में 75 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे सीबीजी संयंत्र का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अवलोकन किया। प्रतिद...
17 नवंबर 2026 | बिलासपुर के सेंदरी में 75 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे सीबीजी संयंत्र का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अवलोकन किया। प्रतिदिन 130 टन कचरे से होगा उत्पादन।

- प्रतिदिन 130 टन कचरे से लगभग 5 टन सीबीजी और 16 टन जैविक खाद का उत्पादन प्रस्तावित
- लगभग 75 करोड़ रुपए की स्वीकृत लागत, बीपीसीएल गोवर्धन योजना के अंतर्गत विकसित कर रही
- निर्माण कार्यों में प्रतिदिन लगभग 150 श्रमिकों को रोजगार
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर प्रवास के दौरान ग्राम सेंदरी में निर्माणाधीन कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) संयंत्र का अवलोकन किया। यह संयंत्र प्रतिदिन 130 टन नगरीय ठोस अपशिष्ट से लगभग 5 टन कंप्रेस्ड बायोगैस और 16 टन ठोस जैविक खाद तैयार करने के लिए विकसित किया जा रहा है।
जनसंपर्क विभाग के अनुसार, मुख्यमंत्री ने इस दौरान परियोजना की प्रगति, कचरा प्रसंस्करण की प्रस्तावित व्यवस्था और गैस व जैविक खाद उत्पादन की प्रक्रिया की जानकारी ली। गोवर्धन योजना के अंतर्गत भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) यह संयंत्र विकसित कर रही है, जिसकी स्वीकृत लागत लगभग 75 करोड़ रुपए है।
इस परियोजना से शहर के कचरे के निस्तारण का दबाव कम होगा और कचरे से ऊर्जा व उपयोगी खाद, दोनों तैयार होंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार, ऊर्जा की बढ़ती जरूरतों और पर्यावरण संरक्षण को देखते हुए वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को प्रोत्साहित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसी परियोजनाएं शहरों की स्वच्छता के साथ संसाधनों के बेहतर उपयोग का मार्ग प्रशस्त करती हैं।
संयंत्र से उत्पादित सॉलिड फ्रैक्शन ऑफ ऑर्गेनिक मैन्योर (एसएफओएम) को जैविक खाद के रूप में उपयोग किया जा सकेगा, जिससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और कृषि में जैविक संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसानों को उपयोगी जैविक खाद भी मिल सकेगी।
अधिकारियों ने बताया कि लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में फैली इस परियोजना के प्रमुख सिविल कार्य और आधारभूत संरचनाओं का निर्माण जारी है। निर्माण कार्यों के दौरान प्रतिदिन लगभग 150 श्रमिकों को रोजगार मिल रहा है। यह परियोजना बिलासपुर नगर निगम और छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल डेवलपमेंट अथॉरिटी के सहयोग से आकार ले रही है।
अवलोकन के अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री अमर अग्रवाल, श्री सुशांत शुक्ला, श्री धरमलाल कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी और महापौर श्रीमती पूजा विधानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
स्रोत: जनसंपर्क विभाग, छत्तीसगढ़

कोई टिप्पणी नहीं