6 नवंबर 2026 | छत्तीसगढ़ सरकार ने दीपावली से पहले बुनकर सहकारी समितियों और महिला स्व-सहायता समूहों के खातों में 9 करोड़ 41 लाख रुपये का पा...
6 नवंबर 2026 | छत्तीसगढ़ सरकार ने दीपावली से पहले बुनकर सहकारी समितियों और महिला स्व-सहायता समूहों के खातों में 9 करोड़ 41 लाख रुपये का पारिश्रमिक RTGS से भेजा।

- बुनकर सहकारी समितियों और महिला स्व-सहायता समूहों के खातों में 9 करोड़ 41 लाख रुपये भेजे गए
- वित्तीय वर्ष 2026-27 में 3 नवंबर तक कुल 76 करोड़ 13 लाख 54 हजार रुपये का भुगतान
- सुकमा, बस्तर, कोरबा और जशपुर की 30 पुनर्वासित महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण
छत्तीसगढ़ सरकार ने दीपावली से पहले बुनकर सहकारी समितियों और सिलाई कार्य से जुड़े महिला स्व-सहायता समूहों को उनके श्रम का पारिश्रमिक जारी कर दिया है। कुल 9 करोड़ 41 लाख रुपये की राशि आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई है।
ग्रामोद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध संचालक श्री राजेश सिंह राणा के अनुसार, प्रदेश के 26 जिलों की 302 बुनकर सहकारी समितियों को 7 करोड़ 60 लाख रुपये का भुगतान अक्टूबर 2026 में किया गया। इसके अलावा 49 बुनकर सहकारी समितियों को 1 करोड़ 50 लाख रुपये और 128 महिला स्व-सहायता समूहों को 31 लाख रुपये का पारिश्रमिक 3 नवंबर को अतिरिक्त भुगतान के रूप में दिया गया।
ग्रामोद्योग मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि बुनकरों और महिला स्व-सहायता समूहों के श्रम का समय पर पारिश्रमिक भुगतान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय हुनर को रोजगार से जोड़कर बुनकरों और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का काम जारी है। मंत्री के अनुसार, बुनाई और गणवेश (यूनिफॉर्म) सिलाई के जरिए जमीनी स्तर पर रोजगार दिया जा रहा है।
चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य हाथकरघा संघ ने 3 नवंबर तक कुल 76 करोड़ 13 लाख 54 हजार रुपये की राशि सीधे बैंक खातों में भेजी है। इसमें 345 बुनकर सहकारी समितियों को बुनाई पारिश्रमिक के रूप में 54 करोड़ 87 लाख रुपये और 2005 महिला स्व-सहायता समूहों को सिलाई पारिश्रमिक के रूप में 21 करोड़ 17 लाख रुपये शामिल हैं।
विज्ञप्ति के अनुसार, बुनकरों की आकस्मिक मृत्यु पर 29 आश्रित परिवारों को 5 लाख 80 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। हाथकरघा क्षेत्र के 11 पुरस्कृत हितग्राहियों को 3 लाख 74 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई है।
सुकमा, बस्तर, कोरबा और जशपुर जिलों की 30 पुनर्वासित महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। राज्य हाथकरघा संघ के अनुपयोगी और कटपीस वस्त्रों से खिलौने, थैले और वाटर बैग जैसे उत्पाद बनवाने के कार्यादेश दिए जा रहे हैं। इन महिलाओं को घर पर निःशुल्क सिलाई मशीन भी उपलब्ध कराई जा रही है।
स्रोत: जनसंपर्क विभाग, छत्तीसगढ़

कोई टिप्पणी नहीं