7 नवंबर 2026 | बस्तर ओलंपिक का तीसरा संस्करण 4 नवम्बर से शुरू होगा। 6 लाख 492 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है, जिनमें 3 लाख 83 हजार से अधिक ...
7 नवंबर 2026 | बस्तर ओलंपिक का तीसरा संस्करण 4 नवम्बर से शुरू होगा। 6 लाख 492 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है, जिनमें 3 लाख 83 हजार से अधिक महिलाएं हैं। पूरी जानकारी पढ़ें।

- 6 लाख 492 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया, जिनमें महिलाएं अधिक
- कांकेर में सबसे ज्यादा 1 लाख 23 हजार 216 पंजीयन
- विकासखंड स्तर से शुरू होकर संभाग स्तर तक 11 खेलों में मुकाबले
खेल एवं युवा कल्याण विभाग लगातार तीसरे वर्ष बस्तर ओलंपिक का आयोजन कर रहा है। इस बार बस्तर संभाग में 6 लाख 492 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। इनमें 3 लाख 83 हजार 094 महिलाएं और 2 लाख 18 हजार 398 पुरुष हैं।
पंजीयन 1 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक किए गए। संभाग के सातों जिलों से खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिलावार आंकड़ों में कांकेर 1 लाख 23 हजार 216 पंजीयन के साथ सबसे आगे है। बस्तर जिले में 1 लाख 4 हजार 841, कोण्डागांव में 85 हजार 584, सुकमा में 80 हजार 313, दंतेवाड़ा में 80 हजार 175, नारायणपुर में 63 हजार 506 और बीजापुर में 62 हजार 857 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है।
प्रतियोगिताएं तीन स्तरों पर होंगी। विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताएं 4 नवम्बर से 6 नवम्बर तक होंगी। जिला स्तर पर 16 नवम्बर से 25 नवम्बर तक मुकाबले होंगे। संभाग स्तर की प्रतियोगिताएं 7 दिसम्बर से 11 दिसम्बर तक प्रस्तावित हैं। विकासखंड स्तर के विजेता जिला स्तर पर खेलेंगे। जिला स्तर के विजेताओं को संभाग स्तर पर अवसर मिलेगा। प्रत्येक जिले से 410 विजेता खिलाड़ी संभाग स्तरीय आयोजन में हिस्सा लेंगे। हॉकी और वेटलिफ्टिंग की प्रतियोगिताएं सीधे जिला स्तर पर होंगी।
जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष के बालक-बालिकाएं हिस्सा लेंगे। सीनियर वर्ग में बिना आयु बंधन के महिला और पुरुष खिलाड़ी भाग लेंगे। कुल 11 खेल विधाओं में मुकाबले होंगे। इनमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और रस्साकशी शामिल हैं।
नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए खिलाडि़यों और आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। ये प्रतिभागी विकासखंड और जिला स्तर से गुजरे बिना सीधे संभाग स्तरीय आयोजन में हिस्सा लेंगे।
उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने रिकॉर्ड संख्या में पंजीयन के लिए बस्तरवासियों के उत्साह की सराहना की है। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक के पिछले दोनों आयोजनों ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल की है। उनके अनुसार इस आयोजन का उद्देश्य शासन और लोगों के बीच सीधा संबंध मजबूत करना, युवाओं को मुख्य धारा से जोड़ना और उनकी खेल प्रतिभा को पहचानना है।
विभाग ने बस्तर के खेल प्रेमियों, अभिभावकों और नागरिकों से अधिक संख्या में खेल मैदानों में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।
स्रोत: जनसंपर्क विभाग, छत्तीसगढ़

कोई टिप्पणी नहीं