• ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था गांजा, पुलिस ने पिकअप और पायलटिंग में इस्तेमाल बाइक भी पकड़ी; जब्त गांजे की कीमत करीब 2.38 करोड़ र...
• ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था गांजा, पुलिस ने पिकअप और पायलटिंग में इस्तेमाल बाइक भी पकड़ी; जब्त गांजे की कीमत करीब 2.38 करोड़ रुपये बताई गई। :
जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 476 किलो 500 ग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिगों सहित कुल सात आरोपियों को पकड़ा है। गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन के आगे चलकर रास्ते की निगरानी कर रही एक मोटरसाइकिल और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। कार्रवाई बोधघाट थाना क्षेत्र के ग्राम अडावाल स्थित रेलवे फाटक के पास की गई।
पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर की सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग सफेद रंग के पिकअप वाहन क्रमांक CG 17 KL 0411 में ओडिशा से कुरंदी होते हुए जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। वाहन में गांजा रखकर बिक्री के लिए ले जाए जाने की सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में टीम गठित की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन और उप पुलिस अधीक्षक चन्द्रहास सिन्हा के पर्यवेक्षण में बोधघाट थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ग्राम अडावाल रेलवे फाटक के पास पहुंची और जांच शुरू की।
पिकअप के आगे चल रही थी मोटरसाइकिल
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान लाल रंग की मोटरसाइकिल पर दो युवक पिकअप वाहन की पायलटिंग करते हुए आते दिखाई दिए। उनके पीछे संदिग्ध पिकअप वाहन भी पहुंचा। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार लोग भागने लगे। घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान भगवान पांगी (25), घासी खिलो (21), चित्रसेन गल्लोरी (22) और रोहणी गल्लोरी (27) के रूप में हुई। इनके साथ तीन विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़े गए। पुलिस के अनुसार, सभी ओडिशा के मलकानगिरी जिले के कोरकोंडा थाना क्षेत्र के ग्राम कोंटामाड़ी के निवासी हैं।
15 बोरियों में मिला 476.500 किलो गांजा
पुलिस ने तलाशी के दौरान पिकअप में रखी 15 बोरियों से कुल 476 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पास गांजे के परिवहन और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं था। पूछताछ में गांजे को ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाने की बात सामने आई।
पुलिस ने गांजे के साथ पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, छह पुराने इस्तेमाल किए गए टच स्क्रीन मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त मोबाइल फोन की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
बोधघाट थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, 5 नवंबर को आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई के लिए विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर भेजा गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक ललित सिंह नेगी, पीएसआई अफसाना, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग, पवन श्रीवास्तव, सुनील मनहर, प्रकाश मनहर और मयाराम कश्यप सहित आरक्षक विजय तिर्की, दीपक मिंज, युवराज ठाकुर, परमानंद भोयर, कामदेव दर्रो, राम ठाकुर और थानेन्द्र सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



कोई टिप्पणी नहीं