31 अक्टूबर 2026 | रायपुर में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान ने खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को सरसों...
31 अक्टूबर 2026 | रायपुर में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान ने खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को सरसों की उन्नत किस्म DRMR150-35 का बीज वितरित किया।

- सरसों की उन्नत किस्म DRMR150-35 का बीज किसानों को वितरित
- लगभग 270 एकड़ क्षेत्र में सरसों की खेती को प्रोत्साहन
- 30 नवंबर से पहले बुवाई पर 10-12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज की संभावना
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान, रायपुर में ‘खेत बचाओ अभियान-रबी 2026’ के अंतर्गत किसान जागरूकता एवं सरसों उन्नत बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान किसानों को सरसों की उन्नत किस्म DRMR150-35 का बीज दिया गया। इससे लगभग 270 एकड़ क्षेत्र में सरसों की खेती को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय ने अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य लक्ष्य किसानों के खेतों को स्वस्थ और उपजाऊ बनाए रखना, मृदा स्वास्थ्य का संरक्षण करना और प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करना है। उन्होंने फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग और दलहनी व तिलहनी फसलों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों से आधुनिक और वैज्ञानिक तकनीकें अपनाकर उत्पादन लागत कम करने का आग्रह किया।
संयुक्त निदेशक डॉ. पंकज शर्मा ने धान की कटाई के बाद फसल अवशेष प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अवशेषों को जलाने के बजाय मल्चर जैसे यंत्रों से छोटे टुकड़ों में काटकर मिट्टी में मिलाया जा सकता है। इससे जैविक पदार्थ बढ़ते हैं, मिट्टी की संरचना सुधरती है और उर्वरता बनी रहती है। उन्होंने रबी मौसम में दलहनी और तिलहनी फसलें लेने पर भी जोर दिया।
डॉ. शर्मा ने सरसों की खेती की संभावनाओं पर बात की। उन्होंने बताया कि सरसों कम बीज दर और सीमित सिंचाई में भी अच्छी उपज देने वाली तिलहनी फसल है। उन्होंने DRMR-150-35 किस्म की विशेषताएँ, बुवाई का समय, बीज दर, कतारों की दूरी, उर्वरक प्रबंधन और सिंचाई की जानकारी दी। उनके अनुसार 30 नवंबर से पहले समय पर बुवाई करने और वैज्ञानिक प्रबंधन अपनाने पर लगभग 10-12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक उपज मिल सकती है। यह किस्म लगभग 95 से 110 दिनों में पककर तैयार हो जाती है।
कार्यक्रम में अनुसूचित जाति उपयोजना और जनजातीय उपयोजना के लाभार्थी किसानों को लगभग 270 एकड़ क्षेत्र में बुवाई के लिए बीज दिया गया। किसानों ने उन्नत बीज की उपलब्धता पर खुशी जताई और उम्मीद व्यक्त की कि इससे सरसों की खेती और उत्पादन में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में महिला और पुरुष किसान शामिल हुए। संचालन डॉ. के. सी. शर्मा एवं डॉ. प्रियंका मीना ने किया।
स्रोत: जनसंपर्क विभाग, छत्तीसगढ़

कोई टिप्पणी नहीं