• सितंबर में आयोजित होगा 6 दिवसीय सॉफ्ट स्किल एवं इम्प्लॉयबिलिटी ट्रेनिंग प्रोग्राम : जगदलपुर : शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय और हैदराबा...
• सितंबर में आयोजित होगा 6 दिवसीय सॉफ्ट स्किल एवं इम्प्लॉयबिलिटी ट्रेनिंग प्रोग्राम :
जगदलपुर : शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय और हैदराबाद स्थित नंदी फाउंडेशन के बीच विद्यार्थियों को रोजगार के लिए आवश्यक कौशल, सॉफ्ट स्किल और व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से सोमवार को महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव तथा नंदी फाउंडेशन की ओर से अक्षय कुमार, पुष्पेंद्र साहू, डॉ. समीर ठाकुर और डॉ. कुश नायक उपस्थित थे।
एमओयू के तहत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से इम्प्लॉयबिलिटी स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम संचालित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के संयोजक प्रो. स्वपन कुमार कोले ने बताया कि नंदी फाउंडेशन द्वारा सितंबर माह में विद्यार्थियों के लिए 6 दिवसीय सॉफ्ट स्किल एवं रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, प्रभावी संवाद कौशल, आत्मविश्वास, समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और कार्यस्थल पर आवश्यक व्यवहारिक कौशल विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस पहल से विशेष रूप से अंतिम वर्ष में अध्ययनरत और रोजगार की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक डिग्री पर्याप्त नहीं है। रोजगार के लिए आवश्यक तकनीकी ज्ञान के साथ संवाद कौशल, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, समस्या समाधान और कार्यस्थल से जुड़ी व्यवहारिक दक्षताओं का विकास भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि नंदी फाउंडेशन के साथ यह साझेदारी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को उद्योग और रोजगार क्षेत्र की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


कोई टिप्पणी नहीं