• 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत शाम 7 बजे घर-घर दीप प्रज्ज्वलन का आह्वान : जगदलपुर : प्र...
• 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत शाम 7 बजे घर-घर दीप प्रज्ज्वलन का आह्वान :
जगदलपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा मोर्चा जिला मीडिया प्रभारी भरत कश्यप ने उनके कार्यकाल और राष्ट्रसेवा को लेकर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन देशसेवा और राष्ट्र के उत्थान के लिए समर्पित रहा है और वे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
भरत कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान और प्रभाव को मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी ने सार्वजनिक जीवन में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कोरोना काल सहित विभिन्न चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने का साहस दिखाया। उनके अनुसार, विदेश नीति, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य राष्ट्रीय मुद्दों पर लिए गए फैसलों में देश की संप्रभुता और गौरव को प्राथमिकता दी गई।
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
भरत कश्यप ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर 2026 से ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के तहत शाम 7 बजे घर-घर दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करने का आह्वान किया गया है। भरत कश्यप के अनुसार, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों और निर्माण स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
नई पीढ़ी के लिए बताया प्रकाश स्तंभ
भरत कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अनुशासित जीवन और सार्वजनिक कार्यशैली का उल्लेख करते हुए कहा कि राजनीति के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक, ज्ञान और विज्ञान के क्षेत्रों में भी उनके कार्य नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं।
उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में सैद्धांतिक और विवेकपूर्ण निर्णय लेते हुए जनहित तथा राष्ट्र के गौरव को प्राथमिकता देने की उनकी कार्यशैली का प्रभाव देश की वैश्विक भूमिका पर दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि भारत को वैश्विक स्तर पर नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ाने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रयास किए जा रहे हैं।


कोई टिप्पणी नहीं