• नए जलशोधन संयंत्र की पाइपलाइन इंटरकनेक्शन के चलते अलग-अलग तारीखों में सुबह 10:30 से शाम 5 बजे तक रहेगा शटडाउन : जगदलपुर : नगर पालिक निगम ...
• नए जलशोधन संयंत्र की पाइपलाइन इंटरकनेक्शन के चलते अलग-अलग तारीखों में सुबह 10:30 से शाम 5 बजे तक रहेगा शटडाउन :
जगदलपुर : नगर पालिक निगम जगदलपुर क्षेत्र में नव-निर्मित जलशोधन संयंत्र से नई पाइपलाइन के इंटरकनेक्शन का तकनीकी कार्य किया जाना है। इसके चलते शहर के अलग-अलग वार्डों और मोहल्लों में 24 अगस्त से 9 सितंबर 2026 के बीच निर्धारित तारीखों पर पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
नगर निगम के अनुसार, संबंधित क्षेत्रों में सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक जलापूर्ति बंद रहेगी। कार्य की प्रगति के आधार पर निर्धारित समयावधि में आवश्यकतानुसार कमी या वृद्धि भी की जा सकती है।
24 और 25 अगस्त को इन क्षेत्रों में पानी की सप्लाई रहेगी बंद
शटडाउन के पहले चरण में 24 और 25 अगस्त को तेतरकुटी, एलआईसी एवं एसटी/एससी थाना टंकी से जुड़े क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। इनमें तेतरकुटी, गैरेज लाइन, अघनपुर, एमपीएम रोड, परपा नाका पंचायत घेरा, धरमपुरा क्रमांक 1 व 2, कंगोली रोड, एलआईसी रोड, महावीर नगर, तिलक नगर, गांधी नगर, गंगानगर और राजेंद्र नगर शामिल हैं।
29-30 अगस्त को इंडस्ट्रियल एरिया और बीएसएनएल टंकी क्षेत्र प्रभावित
इसके बाद 29 और 30 अगस्त को इंडस्ट्रियल एरिया और बीएसएनएल टंकी से जुड़े इलाकों में पानी की सप्लाई रोकी जाएगी। इस दौरान मदर टेरेसा कॉलोनी, वर्धमान कॉलोनी, डॉ. रिजवी लाइन, साकेत कॉलोनी तथा दण्डकारण्य के आसपास के क्षेत्र प्रभावित रहेंगे।
सितंबर में इन तारीखों पर रहेगा शटडाउन
2 और 3 सितंबर को शहीद पार्क एवं भंगाराम टंकी क्षेत्र के अंतर्गत लाल बहादुर शास्त्री वार्ड, श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड, निर्मल विद्यालय घेरा और वीर सावरकर वार्ड में जलापूर्ति प्रभावित होगी।
वहीं 5 और 6 सितंबर को पावर हाउस टंकी से जुड़े विजय वार्ड, पनारापारा, शिवमंदिर वार्ड, भैरमदेव वार्ड, सदर वार्ड तथा सुभाष वार्ड की टंकी लाइन में पानी का प्रवाह बंद रखा जाएगा।
इंटरकनेक्शन कार्य के अंतिम चरण में 8 और 9 सितंबर को सिटी ग्राउंड टंकी और पानी टंकी से जुड़े महारानी वार्ड, शांति नगर वार्ड, मदर टेरेसा वार्ड, गुण्डाधुर वार्ड और प्रतापदेव वार्ड के क्षेत्र प्रभावित रहेंगे।
निगम ने नागरिकों से पहले से पानी संग्रह करने की अपील की
नगर पालिक निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित शटडाउन को देखते हुए पहले से आवश्यकतानुसार पेयजल का भंडारण कर लें। निगम ने कहा कि पाइपलाइन इंटरकनेक्शन का कार्य महत्वपूर्ण है और इसे सुचारू रूप से पूरा कराने में नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।


कोई टिप्पणी नहीं