Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

भोला कश्यप प्रकरण ने बस्तर की स्वास्थ्य व्यवस्था की निगरानी पर उठाए गंभीर सवाल: नवनीत चाँद

• टीबी उपचार के बाद 28 वर्षीय आदिवासी मजदूर की ब्रेन सर्जरी पर उठे सवाल, कोंटिनेंटल अस्पताल के PPP अनुबंध और NMDC की वित्तीय सहायता की स्वतं...

टीबी उपचार के बाद 28 वर्षीय आदिवासी मजदूर की ब्रेन सर्जरी पर उठे सवाल, कोंटिनेंटल अस्पताल के PPP अनुबंध और NMDC की वित्तीय सहायता की स्वतंत्र ऑडिट की मांग :



जगदलपुर : करकापाल के बड़ेपारा निवासी 28 वर्षीय आदिवासी मजदूर भोला कश्यप के उपचार को लेकर बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा एवं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने स्वास्थ्य व्यवस्था की निगरानी और जवाबदेही पर गंभीर सवाल उठाए हैं। संगठन के बस्तर संभाग अध्यक्ष नवनीत चाँद ने मामले की निष्पक्ष मेडिकल जांच के साथ कोंटिनेंटल अस्पताल की विशेषज्ञ सेवाओं, PPP अनुबंध और संबंधित वित्तीय सहायता की स्वतंत्र ऑडिट की मांग की है।

परिजनों के अनुसार, टीबी के उपचार के बाद भोला कश्यप के ब्रेन में पानी भरने की बात कहकर 9 अगस्त को डिमरापाल स्थित कोंटिनेंटल अस्पताल में ब्रेन ऑपरेशन किया गया। परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद उन्हें होश नहीं आया और गंभीर स्थिति में 13 अगस्त की रात उन्हें विशाखापत्तनम ले जाना पड़ा, जहां उनका उपचार जारी है।

नवनीत चाँद ने कहा कि परिजनों के आरोपों को जांच से पहले सही या गलत घोषित नहीं किया जा सकता, लेकिन एक गरीब आदिवासी मरीज के उपचार में सामने आए इस गंभीर घटनाक्रम की निष्पक्ष मेडिकल जांच आवश्यक है।

सरकार से उठाए सवाल

नवनीत चाँद ने सवाल उठाया कि टीबी के उपचार से ब्रेन सर्जरी तक पहुंचने का चिकित्सकीय आधार क्या था। ऑपरेशन से पहले MRI, CT एवं अन्य जांचों की स्वतंत्र न्यूरोसर्जिकल समीक्षा हुई या नहीं, ऑपरेशन किस विशेषज्ञ ने किया और क्या वैध Informed Consent लिया गया, इसकी जांच होनी चाहिए।

उन्होंने ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया, ICU और क्रिटिकल केयर की उपलब्धता तथा मरीज के मेडिकल रिकॉर्ड में उपचार के प्रत्येक चरण के दस्तावेजीकरण की भी स्वतंत्र समीक्षा की मांग की।

साथ ही स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन और संबंधित जनप्रतिनिधियों से अस्पताल की विशेषज्ञ सेवाओं, मानव संसाधन, मरीजों की शिकायतों तथा PPP अनुबंध की शर्तों के अनुपालन की नियमित निगरानी को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई।

स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से जांच की मांग

बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा एवं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने भोला कश्यप प्रकरण में स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड गठित करने की मांग की है। इसमें न्यूरोसर्जन, न्यूरोलॉजिस्ट, एनेस्थीसिया एवं संबंधित विशेषज्ञों को शामिल करने की मांग की गई है।

संगठन ने MRI/CT रिपोर्ट, मेडिकल रिकॉर्ड, ऑपरेशन नोट, एनेस्थीसिया चार्ट, दवा रिकॉर्ड और Informed Consent को तत्काल सुरक्षित कर स्वतंत्र समीक्षा कराने की मांग की है।

इसके अलावा कोंटिनेंटल अस्पताल के राज्य सरकार के साथ हुए PPP अनुबंध की Point-wise Compliance और Third Party Performance Audit कराने की मांग की गई है। विशेषज्ञ डॉक्टरों के इस्तीफे, कर्मचारियों एवं मरीजों की पूर्व शिकायतों तथा विभागीय निरीक्षणों की भी जांच की मांग रखी गई है।

NMDC की वित्तीय सहायता और सरकारी योजनाओं की भी ऑडिट की मांग

नवनीत चाँद ने कहा कि यदि NMDC द्वारा अस्पताल को वित्तीय सहायता दी गई है तो उसकी राशि, उपयोग, स्वीकृति, शर्तों और अपेक्षित स्वास्थ्य परिणामों का स्वतंत्र Financial Audit कराया जाना चाहिए।

यदि भोला कश्यप का उपचार आयुष्मान या किसी अन्य सरकारी योजना के तहत हुआ है तो संबंधित पैकेज, स्वीकृति, उपचार और भुगतान की भी ऑडिट कराने की मांग की गई है।

उन्होंने कहा कि जांच में यदि चिकित्सकीय लापरवाही, नियामकीय उल्लंघन या अनुबंधीय चूक प्रमाणित होती है तो चिकित्सक, अस्पताल प्रबंधन अथवा संबंधित सरकारी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कानूनन कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही भोला कश्यप के आगे के उपचार और परिवार पर पड़े आर्थिक बोझ को देखते हुए सरकार से मानवीय एवं नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई।

नवनीत चाँद ने कहा, “यह लड़ाई किसी अस्पताल को जांच से पहले दोषी ठहराने की नहीं, बल्कि बस्तर के मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में जनता का विश्वास बचाने की है।” उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच से आरोप गलत होने पर अस्पताल को क्लीन चिट मिल सकती है और आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा लंबे समय से क्षेत्र में सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और जवाबदेह स्वास्थ्य व्यवस्था की मांग करता रहा है। अब सरकार को तय करना है कि भोला कश्यप के मामले में केवल आश्वासन दिया जाएगा या पारदर्शी और निष्पक्ष जांच भी कराई जाएगी।

नवनीत चाँद मुख्य संयोजक, बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा बस्तर संभाग अध्यक्ष, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे)

कोई टिप्पणी नहीं

Girl in a jacket