• सौरभ शर्मा बोले- ‘मैं से हम’ की यात्रा है सहकारिता, गांव-गांव तक सहकारिता का संदेश पहुंचाने का आह्वान : जगदलपुर : छत्तीसगढ़ में सहकारिता...
• सौरभ शर्मा बोले- ‘मैं से हम’ की यात्रा है सहकारिता, गांव-गांव तक सहकारिता का संदेश पहुंचाने का आह्वान :
जगदलपुर : छत्तीसगढ़ में सहकारिता आंदोलन को गति देने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘सहकार से समृद्धि’ की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ का प्रतिनिधिमंडल 17 से 20 अगस्त 2026 तक बस्तर प्रवास पर है।
प्रतिनिधिमंडल में संघ के प्राधिकृत अधिकारी सौरभ शर्मा, सहकार भारती के प्रदेश संगठन मंत्री एवं संघ के मानसेवी सदस्य कनीराम तथा सहकार भारती के राष्ट्रीय महामंत्री एवं मध्य क्षेत्र प्रमुख दिलीप पाटिल शामिल हैं।
इसी क्रम में 17 अगस्त को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सभागार में बस्तर जिले के सहकारी नेतृत्व के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, बस्तर जिला सहकारी संघ के प्राधिकृत अधिकारी वेदांत दीक्षित, प्रदेश सहसंयोजक रंजीत पांडे, सहकारिता प्रकोष्ठ के संयोजक मनोहर तिवारी, प्राधिकृत परेश बसेरा सहित विभिन्न विकासखंडों से आए लैम्प्स एवं सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
‘मैं से हम’ की यात्रा है सहकारिता
बैठक में सौरभ शर्मा ने सहकारिता को केवल किसी कार्यक्रम तक सीमित न बताते हुए इसे जन आंदोलन बताया। उन्होंने कहा कि सहकारिता ‘मैं से हम’ की यात्रा है। उन्होंने सभी सहकारी संस्थाओं से मिलकर काम करने तथा सहकारी आंदोलन की मूल भावना के अनुरूप गतिविधियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कनीराम ने विशेष रूप से बस्तर में नक्सलवाद से उबरने के बाद गांव, गरीब और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में सहकारिता की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं दिलीप पाटिल ने रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता के लिए सहकारिता को गांव-गांव तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।
सहकारी संस्थाओं के सदस्यों से संवाद पर जोर :
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने प्रतिनिधिमंडल का बस्तर प्रवास पर स्वागत करते हुए सहकारी आंदोलन में संघ और समितियों की भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने सहकारी नेतृत्व से संस्थाओं के प्रत्येक सदस्य तक संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।
बैंक उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने सहकारवाद को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए कार्यकर्ताओं से सहकारी संस्थाओं में मिले दायित्वों का निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने की अपील की। जिला सहकारी संघ के अध्यक्ष वेदांत दीक्षित ने भी सहकारी संस्थाओं के विकास को लेकर अपने विचार रखे।
बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने बस्तर संभाग में राज्य सहकारी संघ के संभागीय कार्यालय एवं विभिन्न सहकारी समितियों का दौरा किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल दक्षिण बस्तर के प्रवास के लिए रवाना हुआ।


कोई टिप्पणी नहीं