"भटपल्ली में सरपंच लक्ष्मी वासम की अनूठी पहल, अपने मानदेय से रखी शिक्षिका, अनाथ बेटी को मिला रोजगार" " बच्चों की शिक्षा बचाने...
"भटपल्ली में सरपंच लक्ष्मी वासम की अनूठी पहल, अपने मानदेय से रखी शिक्षिका, अनाथ बेटी को मिला रोजगार"
"बच्चों की शिक्षा बचाने सरपंच लक्ष्मी वासम का बड़ा फैसला, अपने मानदेय से रखी शिक्षिका; अनाथ बेटी को मिला सम्मानजनक रोजगार"
भोपालपटनम।(रोमेश नामदेव)
बीजापुर जिले के भोपालपटनम विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तिमेड़ के आश्रित ग्राम भटपल्ली से शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल सामने आई है। यहां शासकीय प्राथमिक शाला में लंबे समय से केवल एक शिक्षक के भरोसे पढ़ाई संचालित हो रही थी। एकल शिक्षक व्यवस्था के कारण शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही थीं और अन्य शासकीय कार्यों में शिक्षक की व्यस्तता से बच्चों की नियमित पढ़ाई बाधित हो रही थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्राम पंचायत की सरपंच लक्ष्मी वासम ने सरकारी नियुक्ति की प्रतीक्षा करने के बजाय स्वयं पहल करते हुए अपने मासिक मानदेय से 3,000 रुपये खर्च कर गांव की ही शिक्षित युवती लाड़ली चिड़ेम लक्ष्मी को शिक्षिका के रूप में नियुक्त करने का निर्णय लिया। सरपंच के इस फैसले की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है।
"अनाथ बेटी को मिला रोजगार, बच्चों को मिला शिक्षक"
नियुक्त की गई शिक्षिका लाड़ली चिड़ेम लक्ष्मी आर्थिक रूप से बेहद कमजोर परिवार से हैं। उनके माता-पिता का निधन हो चुका है और वे लंबे समय से रोजगार की तलाश में थीं। सरपंच के इस निर्णय से जहां विद्यालय के बच्चों को अतिरिक्त शिक्षिका का सहयोग मिलेगा, वहीं एक जरूरतमंद एवं शिक्षित युवती को अपने ही गांव में सम्मानजनक रोजगार भी प्राप्त हुआ है।
"शिक्षा को प्राथमिकता देने की अनूठी पहल"
ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया यह निर्णय अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। आमतौर पर ऐसी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक प्रक्रिया का इंतजार किया जाता है, लेकिन सरपंच लक्ष्मी वासम ने व्यक्तिगत स्तर पर जिम्मेदारी निभाते हुए शिक्षा के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया है।
"ग्रामीणों ने किया स्वागत"
सरपंच के इस ऐतिहासिक निर्णय का ग्रामवासियों ने स्वागत किया है। उनका मानना है कि इससे विद्यालय में पढ़ाई का स्तर बेहतर होगा और बच्चों को नियमित शिक्षा का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर पूर्व जनपद उपाध्यक्ष टी. गोवर्धन राव, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती तनूजा कुम्मर, उपसरपंच महेश रायपुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।



कोई टिप्पणी नहीं