" डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, उलनार में अलंकरण समारोह संपन्न, छात्र-नेताओं ने ली कर्तव्य और अनुशासन की शपथ" "मेधावी विद्य...
" डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, उलनार में अलंकरण समारोह संपन्न, छात्र-नेताओं ने ली कर्तव्य और अनुशासन की शपथ"
"मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान, दो छात्राओं के नीट तैयारी हेतु ज्ञान गुड़ी में चयन पर विद्यालय ने जताया गर्व"
उलनार/बस्तर, 13 जुलाई।(रोमेश नामदेव )
डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, उलनार में विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व और सेवा-भाव विकसित करने के उद्देश्य से सोमवार को भव्य एवं गरिमामय अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, अनुशासन और गौरव का वातावरण देखने को मिला। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना तथा स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम का संचालन एवं मार्गदर्शन विद्यालय के प्राचार्य मनोज शंकर ने किया। उन्होंने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा, समर्पण और उत्तरदायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करने की भावना है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और चरित्र निर्माण को भी जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को हंसराज हाउस, विरजानंद हाउस, दयानंद हाउस एवं श्रद्धानंद हाउस में विभाजित किया गया। इसके बाद स्कूल नायक, स्कूल नायिका, वाइस कैप्टन, डिसिप्लिन कैप्टन तथा विभिन्न हाउसों के कैप्टनों एवं पदाधिकारियों को बैज एवं दायित्व-चिह्न प्रदान कर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
विद्यालय की ओर से कक्षा 12वीं के छात्र रवि प्रकाश बघेल को स्कूल नायक तथा कृतिका जोशी को स्कूल नायिका नियुक्त किया गया। स्कूल नायक रवि प्रकाश बघेल के नेतृत्व में सभी नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों ने विद्यालय की गरिमा, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं आदर्शों के पालन की शपथ ली और विद्यालय के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने सभी मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में विद्यालय की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि साझा की गई। विद्यालय की विज्ञान संकाय की पूर्व छात्राएँ तमन्ना बघेल एवं तनुजा बघेल ने कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद जगदलपुर स्थित ज्ञान गुड़ी संस्थान में नीट (NEET) की तैयारी हेतु प्रवेश प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर प्राचार्य सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में अभिभावकों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से समारोह अत्यंत सफल एवं यादगार रहा। अंत में सभी विद्यार्थियों ने विद्यालय की उत्कृष्ट परंपराओं, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों का पालन करते हुए समाज और राष्ट्र का नाम गौरवान्वित करने का संकल्प लिया।



कोई टिप्पणी नहीं