बीजापुर : शासकीय सेवकों के सेवाकाल के दौरान दिवंगत हुए शासकीय कर्मचारियों के आश्रित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से अनुकम...
बीजापुर : शासकीय सेवकों के सेवाकाल के दौरान दिवंगत हुए शासकीय कर्मचारियों के आश्रित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से अनुकम्पा नियुक्ति प्रकरणों के त्वरित एवं संवेदनशील निराकरण के तहत आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा दो आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की गई।
जिला बीजापुर के आदिवासी बहुल क्षेत्र अंतर्गत आदिवासी विकास विभाग में संचालित कन्या आश्रम इलमिडी, विकासखंड उसूर में कार्यरत दिवंगत श्रीमती चिन्नाबाई चापा के निधन के पश्चात उनके पुत्र श्री रमेश चापा, ग्राम इलमिडी, पोस्ट इलमिडी, जिला बीजापुर को बालक आश्रम पुसबाका में भृत्य के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की गई। इसी प्रकार बालक छात्रावास नैमेड, विकासखंड बीजापुर में कार्यरत दिवंगत श्री पलसूराम खलखो के निधन के पश्चात उनकी पुत्री कुमारी मोनिका खलखो, ग्राम दुगोली, पोस्ट नैमेड, जिला बीजापुर को कन्या छात्रावास उसूर में भृत्य के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की गई।
कलेक्टर जिला बीजापुर श्री विश्वदीप ने दोनों नियुक्त कर्मचारियों को नियमित भृत्य पद के नियुक्ति आदेश सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री विश्वदीप ने श्री रमेश चापा एवं कुमारी मोनिका खलखो से आत्मीय चर्चा करते हुए कहा कि वे पूरी लगन, निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करें तथा जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करते हुए विभाग की गरिमा को बनाए रखें। उन्होंने आशा व्यक्त की कि दोनों कर्मचारी अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठापूर्वक निर्वहन कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से आमजन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।इस अवसर पर सहायक आयुक्त श्री देवेन्द्र सिंह उपस्थित थे।


कोई टिप्पणी नहीं