नारायणपुर : भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ...
नारायणपुर : भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ रविवार को नारायणपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के सभागार में गरिमामय वातावरण में किया गया। प्रशिक्षण वर्ग में जिलेभर से पहुंचे अपेक्षित कार्यकर्ताओं ने सहभागिता करते हुए संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति एवं राष्ट्रहित के संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यकर्ताओं के पंजीयन से हुआ, जिसके पश्चात् ध्वजारोहण एवं विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। प्रदर्शनी में भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक यात्रा, संगठनात्मक संघर्ष, राष्ट्र निर्माण में योगदान एवं जनकल्याणकारी कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। साथ ही जिले के उन दिवंगत समर्पित कार्यकर्ताओं की तस्वीरें भी प्रदर्शनी में लगाई गई थीं, जिन्होंने संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके त्याग, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा को श्रद्धाभाव से स्मरण किया।
प्रदर्शनी में नारायणपुर जिले की प्राकृतिक सुंदरता, मनमोहक जलप्रपात, पर्यटन स्थलों एवं समृद्ध जनजातीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिली, जिसने सभी का विशेष ध्यान आकर्षित किया। प्रशिक्षण स्थल को संगठनात्मक संदेशों, राष्ट्रवादी विचारों और प्रेरणादायी चित्रों से सजाया गया था, जिससे पूरे परिसर में वैचारिक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।
उद्घाटन सत्र में क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल राजनीतिक सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन, राष्ट्रवाद और अंत्योदय की भावना के साथ कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की सोच के साथ समाज के बीच कार्य करता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष संध्या पवार ने प्रशिक्षण वर्ग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण संगठन को ऊर्जा देने और कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करने का माध्यम हैं।
द्वितीय सत्र में भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने “विचार परिवार” विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और सेवा भाव से प्रेरित संगठन है तथा प्रत्येक कार्यकर्ता समाज और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कार्य करता है।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और संगठनात्मक ऊर्जा देखने को मिली। भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं और संगठन की विचारधारा को पहुंचाने का आह्वान किया।


कोई टिप्पणी नहीं