Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

जनगणना 2027: बीजापुर में तैयारियां तेज, आज से स्व-गणना का अवसर

बीजापुर (भूषण सेठिया) : आगामी जनगणना 2027 को लेकर जिले में तैयारियां अब तेज हो गई हैं। कलेक्टर संबित मिश्रा के निर्देशन में व्यापक जन-जागरूक...

बीजापुर (भूषण सेठिया) : आगामी जनगणना 2027 को लेकर जिले में तैयारियां अब तेज हो गई हैं। कलेक्टर संबित मिश्रा के निर्देशन में व्यापक जन-जागरूकता अभियान शुरू किया गया है, जिसके तहत नगरीय निकायों से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक चौक-चौराहों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर बैनर, पोस्टर एवं होर्डिंग लगाए जा रहे हैं। साथ ही ऑडियो प्रचार के माध्यम से भी आम नागरिकों को जनगणना के प्रति जागरूक किया जा रहा है।


जनगणना प्रक्रिया के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य 1 मई से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान जिले के प्रत्येक आवासीय एवं गैर-आवासीय भवन का सर्वे कर उसकी स्थिति, उपयोग और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्रित की जाएगी। यह चरण भविष्य की विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण आधार तैयार करेगा।

इस बार जनगणना को अधिक सरल, पारदर्शी और सहभागी बनाने के उद्देश्य से स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी शुरू की गई है। इसके तहत आज 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच इच्छुक नागरिक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपने परिवार एवं मकान से जुड़ी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना करने वाले परिवारों को एक विशेष Self Enumeration ID प्रदान की जाएगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक होगा। बाद में प्रगणक के आगमन पर इसी आईडी के माध्यम से जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।

जनगणना के दौरान भवन से संबंधित विभिन्न जानकारियां जैसे—भवन की संख्या, प्रकार, उपयोग, निर्माण की स्थिति (कच्चा, पक्का या अर्ध-पक्का), परिवारों की संख्या तथा पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई गैस एवं इंटरनेट जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति दर्ज की जाएगी। ये आंकड़े भविष्य में सामाजिक-आर्थिक योजनाओं और आधारभूत विकास कार्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होंगे।



प्रशासन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है—“चलो निभाएं अपनी जिम्मेदारी, करें जनगणना में भागीदारी”। निर्धारित अवधि में अधिकृत प्रगणक पहचान पत्र के साथ घर-घर पहुंचकर जानकारी एकत्रित करेंगे। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा स्व-गणना करने वाले परिवार अपनी आईडी अवश्य साझा करें।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान एकत्रित सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं नीतिगत उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा।

कलेक्टर संबित मिश्रा ने जिलेवासियों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि “सटीक आंकड़े ही योजनाओं को प्रभावी बनाते हैं और विकास को सही दिशा देते हैं।”

कोई टिप्पणी नहीं

Girl in a jacket