कांकेर में बच्चों पर हमला करने वाला तेंदुआ पकड़ाया: वन विभाग की बड़ी सफलता, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस कांकेर, छत्तीसगढ़ : जिले के दुधा...
कांकेर में बच्चों पर हमला करने वाला तेंदुआ पकड़ाया: वन विभाग की बड़ी सफलता, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
कांकेर, छत्तीसगढ़ : जिले के दुधावा क्षेत्र में मंगलवार रात को वन विभाग ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आदमखोर तेंदुए को पिंजरे में कैद कर लिया। यह वही तेंदुआ है जो पिछले कुछ हफ्तों से आछीडोंगरी के जंगलों से निकलकर आसपास के गांवों में दहशत फैला रहा था। ग्रामीणों ने कई बार बच्चों और पालतू मवेशियों पर हमले की शिकायतें दर्ज कराई थीं।
वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए इलाके में कई जगह पिंजरे लगाए थे। आखिरकार मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे तेंदुआ एक पिंजरे में फंस गया। जैसे ही तेंदुए के फंसने की खबर फैली, पूरे गांव में राहत की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम का आभार जताया और कहा कि अब वे चैन की नींद सो सकेंगे।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुआ काफी चतुर था और कई बार पिंजरे के पास आकर भी उसमें नहीं फंसा। लेकिन इस बार टीम ने सही समय और स्थान का आकलन कर पिंजरे में चारे की मदद से उसे फांसने में सफलता पाई। फिलहाल तेंदुए को सुरक्षित रूप से जंगल के गहरे हिस्से में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है।
इस अभियान में वन विभाग के कर्मचारियों के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने भी सक्रिय सहयोग किया। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अब भी सतर्क रहें और वन्यजीवों की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।
इस तेंदुए की गिरफ्तारी ने जहां गांव के लोगों को बड़ी राहत दी है, वहीं वन विभाग के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं