छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड ने रचा इतिहास: देश में पहली बार वक्फ संपत्तियों का किराया होगा ऑनलाइन, मस्जिदों-मदरसों के खुले बैंक खाते: रायपुर : छ...
छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड ने रचा इतिहास: देश में पहली बार वक्फ संपत्तियों का किराया होगा ऑनलाइन, मस्जिदों-मदरसों के खुले बैंक खाते:
रायपुर : छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड ने एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए देश में पहली बार वक्फ संपत्तियों का किराया ऑनलाइन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज के नेतृत्व में इस नवाचार को लागू किया गया है।
डॉ. राज ने सभी जिलों के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रदेशभर की सभी मस्जिदों, मदरसों और वक्फ संपत्तियों के लिए बैंक खाते अनिवार्य रूप से खोले जाएं। इन खातों के माध्यम से अब किराए का भुगतान सीधे ऑनलाइन किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही दोनों सुनिश्चित होंगी।
छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के इस निर्णय से न केवल वित्तीय व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि आय का लेखा-जोखा भी पहले से अधिक सुदृढ़ और पारदर्शी बनेगा। पूरे प्रदेश में वक्फ संपत्तियों की पहचान और उनके किराए से होने वाली आय का सीधा लाभ धार्मिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के विस्तार में लगाया जाएगा।
बोर्ड ने जानकारी दी है कि छत्तीसगढ़ में विभिन्न जिलों में वक्फ की हजारों संपत्तियाँ मौजूद हैं, जिनमें मस्जिदें, कब्रिस्तान, मदरसे और अन्य संस्थान शामिल हैं। ऑनलाइन प्रणाली लागू होने से इन संपत्तियों का समुचित रखरखाव और विकास कार्य भी गति पकड़ेगा।
यह पहल अन्य राज्यों के लिए भी एक मिसाल बनेगी, जिससे वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में आधुनिकता और दक्षता का नया अध्याय शुरू होगा।
कोई टिप्पणी नहीं