2 नवंबर 2026 | सरगुजा जिले के सीतापुर में एक नाबालिग किशोर की आत्महत्या का मामला सामने आया है। एक महीने पहले तीन युवकों पर मारपीट और ब्लैक...
2 नवंबर 2026 | सरगुजा जिले के सीतापुर में एक नाबालिग किशोर की आत्महत्या का मामला सामने आया है। एक महीने पहले तीन युवकों पर मारपीट और ब्लैकमेलिंग का आरोप है। पुलिस जांच कर रही है।

- सीतापुर में नाबालिग किशोर की आत्महत्या, पुलिस जांच जारी
- एक महीने पहले तीन युवकों पर मारपीट और ब्लैकमेलिंग का आरोप
- तीनों आरोपी गिरफ्तार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर में एक नाबालिग किशोर की आत्महत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले तीन युवकों ने किशोर के साथ मारपीट की और अश्लील हरकत की थी। आरोप है कि आरोपी उसका वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल कर रहे थे। इस घटना के बाद से किशोर मानसिक रूप से परेशान था।
जानकारी के मुताबिक, घटना सीतापुर नगर पंचायत के महामाया वार्ड स्थित कटनईपारा की है। आरोप है कि इलाके के ही तीन युवकों ने नाबालिग किशोर के साथ मारपीट की थी। इस दौरान आरोपियों ने उसके कपड़े उतरवाकर अश्लील हरकत की और उसका वीडियो भी बना लिया था।
परिजनों की शिकायत पर सीतापुर थाने में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने पॉक्सो (POCSO) एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उन्हें अंबिकापुर सेंट्रल जेल भेजा गया था।
बताया जा रहा है कि घटना के करीब एक महीने बाद नाबालिग किशोर ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर सीतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। किशोर की आत्महत्या के पीछे प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग की घटना की भूमिका समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्रोत: जनसंपर्क विभाग

कोई टिप्पणी नहीं