22 नवंबर 2026 | जगदलपुर के टाउन हॉल में संभाग स्तरीय विश्व मात्स्यिकी दिवस पर सात जिलों के मत्स्य किसान जुटे। जानें तकनीकी सत्र, सम्मान और...
22 नवंबर 2026 | जगदलपुर के टाउन हॉल में संभाग स्तरीय विश्व मात्स्यिकी दिवस पर सात जिलों के मत्स्य किसान जुटे। जानें तकनीकी सत्र, सम्मान और वितरित सामग्री की जानकारी।

- संभाग के सातों जिलों से मछुआ समितियों और किसानों की सहभागिति रही
- कुड़ूक मछुआ एवं नौका विहार समिति, चित्रकोट को ‘ठाकुर प्यारेलाल पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया
- बस्तर जिले की 3 मछुआ सहकारी समितियों को जाल वितरित किए गए
जगदलपुर के टाउन हॉल में शनिवार को आयोजित संभाग स्तरीय ‘विश्व मात्स्यिकी दिवस’ पर बस्तर के सातों जिलों से आए मछुआ समितियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और प्रगतिशील मत्स्यपालक किसानों ने मत्स्यपालन को आजीविका का नया आधार बनाने का संकल्प लिया। यह एक दिवसीय संगोष्ठी और सम्मान समारोह मत्स्यपालन विभाग के आयोजन में हुआ।
मत्स्यपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बनाना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य रहा। अतिथियों ने विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने और अधिक से अधिक लोगों को इस काम से जोड़ने का आह्वान किया, जिससे गांवों के परिवारों के लिए नए अवसर खुल सकें।
तकनीकी सत्र में विशेषज्ञों ने किसानों की आय बढ़ाने के व्यावहारिक और वैज्ञानिक उपाय साझा किए। कृषि विज्ञान केंद्र दंतेवाड़ा के प्रमुख एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक श्री ओम प्रकाश ने कम लागत में अधिक मुनाफा देने वाले तिलापिया और झींगा पालन की आधुनिक तकनीकों तथा तालाब प्रबंधन की जानकारी दी। दंतेवाड़ा के सहायक संचालक मत्स्यपालन श्री वाईके देवांगन ने उन्नत तकनीकों के साथ राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया बताई।
पशुधन विकास विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. डीके नेताम ने मत्स्यपालन के साथ एकीकृत कुक्कुटपालन अपनाने पर विशेष जोर दिया। संभाग के प्रगतिशील कृषकों ने मंच से अपने नवाचार और अनुभव साझा किए, वहीं अतिथियों ने हितग्राहियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।
समारोह का विशेष आकर्षण उत्कृष्ट समितियों का सम्मान रहा। छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण 2026 के अंतर्गत प्रतिष्ठित ‘ठाकुर प्यारेलाल पुरस्कार’ से सम्मानित लोहंडीगुड़ा विकासखंड के ग्राम चित्रकोट की प्राथमिक कुड़ूक मछुआ एवं नौका विहार समिति को अतिथियों ने विशेष रूप से सम्मानित किया। समिति अनुदान योजना के तहत बस्तर जिले की 3 मछुआ सहकारी समितियों को मत्स्य आखेट के लिए जाल वितरित किए गए, जबकि मत्स्यपालकों और समितियों को आवश्यक उपकरण और सामग्री दी गई। पशुपालन विभाग की ओर से हितग्राहियों को पशुपालन मैत्री किट भी वितरित की गई।
स्रोत: जनसंपर्क विभाग, छत्तीसगढ़

कोई टिप्पणी नहीं