4 नवंबर 2026 | नवा रायपुर में राज्योत्सव परिसर में उद्यानिकी विभाग के स्टॉल पर ऑर्किड, जरबेरा, गुलाब, फलों और सब्जियों की उन्नत किस्मों की...
4 नवंबर 2026 | नवा रायपुर में राज्योत्सव परिसर में उद्यानिकी विभाग के स्टॉल पर ऑर्किड, जरबेरा, गुलाब, फलों और सब्जियों की उन्नत किस्मों की जानकारी किसानों को दी गई।

- ऑर्किड, जरबेरा और गुलाब सहित फूलों की खेती की जानकारी दी गई
- अमरूद, आंवला, आम, केला, नींबू सहित कई फलों की उन्नत किस्में प्रदर्शित
- किसानों को वैज्ञानिक खेती और वेल्यू एडिशन की विधियां सिखाई जा रही हैं
नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव परिसर में उद्यानिकी विभाग के स्टॉल पर किसानों को ऑर्किड, जरबेरा, गुलाब और अन्य फूलों की खेती की जानकारी दी जा रही है। विभाग किसानों को फूलों की खेती के लिए प्रेरित कर रहा है, ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत हों।
स्टॉल पर किसानों को उन्नत किस्मों की फसलों और फलदार पौधों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों का प्रदर्शन किया गया है। इनमें अमरूद की लखनऊ-49 और इलाहाबाद सफेदा, आंवला की एनए-4 और एनए-7, केले की जी-9, आम की तोतापारी, मोसंबी की फूले मोसंबी, नींबू की सीडलेस और कागजी लाइम, बेल की लंबी और गोमायाशी, संतरे की नागपुरी, पपीते की रेड लेडी तथा चीकू की कालीपत्ती और क्रिकेट बॉल किस्में शामिल हैं।
स्थानीय और उन्नत किस्मों में छत्तीसगढ़ी तिखुर-1 और इंदिरा अरवी-1 को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। इन किस्मों के जरिए किसानों को फल उत्पादन और विविध फसलों की खेती के नए अवसरों की जानकारी दी जा रही है।
मल्चिंग पद्धति से रंगीन शिमला मिर्च की खेती भी स्टॉल पर दिखाई गई है। इसमें पीली और लाल शिमला मिर्च, शिमला मिर्च-इंद्राणी, बॉम्बे रेड ओरोवेल शामिल हैं। इसके अलावा करेला (वीएनआर 28), फूलगोभी (गिरिजा), पत्तागोभी (पूसा अगेती), परवल (राजेन्द्र), ड्रेगन फ्रूट, चकोतरा, नारियल, सेब, बेर तथा कच्ची हल्दी और अदरक की किस्में भी रखी गई हैं।
किसानों को इन फसलों की वैज्ञानिक खेती और वेल्यू एडिशन की विधियां भी सिखाई जा रही हैं। स्टॉल पर आने वाले लोग उत्सुकता से जानकारी ले रहे हैं और रंगीन शिमला मिर्च, कद्दू, आम, अमरूद सहित विभिन्न फल और सब्जियों की किस्मों को देख रहे हैं।
स्रोत: जनसंपर्क विभाग, छत्तीसगढ़

कोई टिप्पणी नहीं