5 नवंबर 2026 | बस्तर में 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी को लेकर कलेक्टर आकाश छिकारा ने समीक्षा बैठक में बिचौलियों और गड़बड़ी पर सख्त...
5 नवंबर 2026 | बस्तर में 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी को लेकर कलेक्टर आकाश छिकारा ने समीक्षा बैठक में बिचौलियों और गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

- 15 नवंबर से बस्तर में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी
- बिचौलियों और गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सीधी एफआईआर के निर्देश
- 8 नवंबर तक सभी उपार्जन केंद्रों में ट्रायल रन पूरा करने के निर्देश
बस्तर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने वाली है। इसकी तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने समीक्षा बैठक की। बैठक जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में कलेक्टर श्री आकाश छिकारा की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, श्री डीआर डाहिरे, सभी एसडीएम, तहसीलदार और खाद्य, सहकारिता व विपणन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। जिले के समिति प्रबंधक और शाखा प्रबंधक भी बैठक में शामिल हुए।
कलेक्टर ने कहा कि खरीदी का मुख्य उद्देश्य वास्तविक किसानों को शासन की योजना का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना है। इसलिए बिचौलियों और कोचियों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई होगी। गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी।
सीमावर्ती क्षेत्रों, विशेषकर ओडिशा सीमा से आने वाले अवैध धान और रिसाइक्लिंग पर खरीदी के पहले दिन से कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। टोकन लेकर आने वाले किसानों का भौतिक सत्यापन करने और दस्तावेज व गिरदावरी की जांच करने को कहा गया है। पिछले वर्षों में उपार्जन केंद्रों पर शॉर्टेज और अनियमितताओं की शिकायतें आई थीं। यदि किसी केंद्र पर जानबूझकर शॉर्टेज या गड़बड़ी मिली, तो समिति प्रभारी और डेटा एंट्री ऑपरेटर के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज होगी। संदिग्ध ऑपरेटरों और प्रभारियों के तत्काल स्थानांतरण और कर्मचारियों के नियमित रोटेशन के निर्देश भी दिए गए हैं।
बाढ़ या प्राकृतिक आपदा से फसल क्षति का मुआवजा पाने वाले किसानों की सूची सभी संबंधित उपार्जन केंद्रों को दी जाएगी। टोकन जारी करते समय इस सूची से मिलान अनिवार्य होगा। तौल के लिए केवल इलेक्ट्रॉनिक कांटे का उपयोग करने को कहा गया है। 'सूखत' के नाम पर किसानों से अतिरिक्त धान लेने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। बोरों की रोजाना सटीक गिनती और तय मापदंडों के अनुसार स्टैकिंग अनिवार्य की गई है।
राइस मिलर्स के लिए डिलीवरी ऑर्डर 15 जनवरी के बाद ही व्यापक स्तर पर काटे जाएंगे। तब तक उपार्जन केंद्रों पर भंडारण के लिए पर्याप्त जगह, चबूतरे, ड्रेनेज, भूसा और तिरपाल की व्यवस्था पहले से करने को कहा गया है। सभी उपार्जन केंद्रों में 8 नवंबर तक ट्रायल रन पूरा करना होगा। नए व पुराने बारदानों की उपलब्धता की समीक्षा कर समितियों तक समय पर बारदाने पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं। एसडीएम, तहसीलदार और पटवारियों को खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण करने को कहा गया है।
स्रोत: जनसंपर्क विभाग, छत्तीसगढ़

कोई टिप्पणी नहीं