3 नवंबर 2026 | बस्तर में बिहान के तहत बैंकर्स की एक दिवसीय कार्यशाला में स्वयं सहायता समूहों को समय पर ऋण और बैंकों व मिशन टीमों के बीच बे...
3 नवंबर 2026 | बस्तर में बिहान के तहत बैंकर्स की एक दिवसीय कार्यशाला में स्वयं सहायता समूहों को समय पर ऋण और बैंकों व मिशन टीमों के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा हुई।

- बस्तर में बिहान के तहत एक दिवसीय बैंकर्स कार्यशाला आयोजित
- समूहों को समय पर कैश क्रेडिट लिमिट और ईएलए आवेदनों के त्वरित निराकरण पर जोर
- इला एप्लीकेशन का तकनीकी प्रशिक्षण और खाद्य प्रसंस्करण व रोजगार योजनाओं पर चर्चा
जगदलपुर में मंगलवार को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत जिला पंचायत एवं बिहान सभाकक्ष में "समूह बैंक क्रेडिट और इंटरप्राइजेज फाइनेंस" विषय पर एक दिवसीय बैंकर्स प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले में महिला स्व-सहायता समूहों के वित्तीय समावेशन को मजबूत करना और उन्हें स्वरोजगार तथा उद्यम स्थापना के लिए सुलभ ऋण सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के मास्टर ट्रेनर श्री श्रीनिवास राव, एनआरएलएम के श्री अशोक चौहान और अग्रणी जिला प्रबंधक श्री जॉर्ज विलियम तिर्की विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसमें बस्तर जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, बैंकर्स, जनपद पंचायतों के खंड मिशन प्रबंधक तथा जिला और खंड मिशन प्रबंधन इकाइयों की टीमों ने भाग लिया।
कार्यशाला में स्वयं सहायता समूहों को बैंक क्रेडिट लिंकेज के तहत समय पर कैश क्रेडिट लिमिट की स्वीकृति देने पर चर्चा हुई। समूहों के व्यक्तिगत और सामूहिक उद्यमों को मजबूत करने के लिए इंटरप्राइजेज फाइनेंस की रणनीतियों पर भी विस्तार से बात की गई।
ऑनलाइन ऋण आवेदन और त्वरित स्वीकृति प्रक्रिया के लिए इला एप्लीकेशन का तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना और स्वरोजगार सृजन के लिए प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत वित्तीय लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
राष्ट्रीय रिसोर्स पर्सन श्री श्रीनिवास राव ने कहा कि बैंकों का सहयोग ही बिहान की दीदियों को आत्मनिर्भर बनाने की सबसे मजबूत कड़ी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाएं अब केवल बचत तक सीमित न रहकर बड़े उद्यमों की ओर कदम बढ़ा रही हैं, इसलिए उन्हें विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए।
अग्रणी जिला प्रबंधक श्री जॉर्ज विलियम तिर्की ने जिले में लंबित कैश क्रेडिट लिमिट प्रकरणों और ईएलए आवेदनों के त्वरित निराकरण पर बल दिया। उन्होंने सभी बैंकर्स से निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करने और मिशन की टीम के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया।
स्रोत: जनसंपर्क विभाग

कोई टिप्पणी नहीं