• जेसीआई के ‘साइकिल रेस 2.0 राइड एंड लीड’ में बस्तर पुलिस के 150 से अधिक जवानों ने बच्चों का बढ़ाया हौसला, फिटनेस और साइबर सुरक्षा का दिया स...
• जेसीआई के ‘साइकिल रेस 2.0 राइड एंड लीड’ में बस्तर पुलिस के 150 से अधिक जवानों ने बच्चों का बढ़ाया हौसला, फिटनेस और साइबर सुरक्षा का दिया संदेश :
जगदलपुर : युवाओं और बच्चों को मोबाइल स्क्रीन की दुनिया से बाहर निकालकर खेल, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से जेसीआई जगदलपुर ने साइकिल रेस 2.0 राइड एंड लीड का आयोजन किया। प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न विद्यालयों के कक्षा 5वीं से 8वीं तक के 450 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया।
बच्चों का मनोबल बढ़ाने के लिए बस्तर पुलिस के 150 से अधिक जवान और अधिकारी भी पूरे मार्ग पर उनके साथ साइकिल चलाते नजर आए। बच्चों और पुलिस जवानों की इस संयुक्त राइड ने आयोजन को खास बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर संजय पांडे, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्याम सोमानी और पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने हरी झंडी दिखाकर किया। अतिथियों ने बच्चों को पढ़ाई के साथ नियमित खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने बच्चों को फिटनेस के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने सोशल मीडिया और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, डिजिटल फ्रॉड से बचाव तथा साइबर खतरों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।
प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबले में चिराग ठाकुर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 11 हजार रुपये और मेडल जीता। दक्ष जिजराज 7,001 रुपये के पुरस्कार के साथ दूसरे तथा श्रियांश विश्वकर्मा 5,001 रुपये के साथ तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली रियांशी को स्पोर्ट्स साइकिल प्रदान की गई। इसके अलावा 10 प्रतिभाशाली प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए।
आयोजन के दौरान बच्चों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई। सभी प्रतिभागियों को हेलमेट उपलब्ध कराए गए। पूरे मार्ग पर पुलिस की ट्रैफिक व्यवस्था के साथ स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस और मेडिकल टीम तैनात रही। रेस के बाद बच्चों के लिए पौष्टिक अल्पाहार, ग्लूकोज, जूस और पेयजल की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम का संचालन जेसीआई सदस्य विशाल दुल्हानी ने किया। आयोजन जेसीआई अध्यक्ष जेसी नितिन खत्री एवं सचिव जेसी यश पी. बोथरा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्रोग्राम डायरेक्टर जेसी गौरव डोडिया, जेसी अभिषेक राव और जेसी अक्षय गुप्ता ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


कोई टिप्पणी नहीं