• स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर स्वास्थ्य मंत्री से हुई चर्चा, जल्द सकारात्मक निर्णय के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त : जगदलपुर : मेडिकल कॉले...
• स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर स्वास्थ्य मंत्री से हुई चर्चा, जल्द सकारात्मक निर्णय के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त :
जगदलपुर : मेडिकल कॉलेज डिमरापाल के इंटर्न चिकित्सकों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर पिछले 15 दिनों से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल बुधवार को समाप्त कर दी। स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने इंटर्न चिकित्सकों के प्रतिनिधिमंडल को अपने कार्यालय बुलाकर कई घंटे तक चर्चा की। बैठक में मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन मिलने के बाद चिकित्सकों ने हड़ताल वापस लेने का फैसला किया।
इंटर्न चिकित्सक पिछले 15 दिनों से अपनी एक सूत्रीय मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। उनका कहना था कि वर्तमान में उन्हें 15,900 रुपये मासिक स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जिसे बढ़ाकर 30 हजार रुपये किया जाना चाहिए। मांग को लेकर चिकित्सक पहले सरकार को पत्र और ज्ञापन के माध्यम से कई बार अवगत करा चुके थे। मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी।
मेडिकल कॉलेज परिसर में 15 दिन चला आंदोलन
हड़ताल के दौरान इंटर्न चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज परिसर में तंबू लगाकर प्रदर्शन किया। चिकित्सकों का कहना था कि अन्य राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ में इंटर्न और पीजी रेजिडेंट्स को मिलने वाला स्टाइपेंड कम है। इसी आधार पर उन्होंने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग रखी थी।
लगातार 15 दिनों तक चले आंदोलन के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने इंटर्न डॉक्टरों के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाया। बैठक में चिकित्सकों ने अपनी मांग और उससे जुड़े मुद्दों को मंत्री के सामने रखा। चर्चा के दौरान मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया।
अब सरकार के फैसले का इंतजार
बैठक के बाद इंटर्न चिकित्सकों ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया। स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने भी सोशल मीडिया पर बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए इंटर्न चिकित्सकों की हड़ताल समाप्त होने की जानकारी दी।
फिलहाल इंटर्न चिकित्सकों को सरकार की ओर से स्टाइपेंड बढ़ाने के संबंध में लिए जाने वाले अगले निर्णय का इंतजार है।


कोई टिप्पणी नहीं