छप्परफाड़ कमाई का खुलासा: CAG के वरिष्ठ अधिकारी पर CBI की बड़ी कार्रवाई, 12 साल में बटोरी 3.32 करोड़ की संपत्ति: रायपुर : भारत के नियंत्र...
छप्परफाड़ कमाई का खुलासा: CAG के वरिष्ठ अधिकारी पर CBI की बड़ी कार्रवाई, 12 साल में बटोरी 3.32 करोड़ की संपत्ति:
रायपुर : भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) के कार्यालय में पदस्थ एक वरिष्ठ लेखा परीक्षा अधिकारी के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ा एक्शन लिया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम को आगे बढ़ाते हुए CBI ने रायपुर स्थित आवासीय और आधिकारिक परिसरों पर एक साथ छापेमारी की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह अधिकारी रायपुर में प्रधान महालेखाकार (लेखा परीक्षा) कार्यालय में तैनात था। उस पर आरोप है कि उसने सरकारी पद का दुरुपयोग करते हुए न सिर्फ भ्रष्ट गतिविधियों को अंजाम दिया, बल्कि आपराधिक कदाचार में लिप्त रहकर अवैध रूप से संपत्ति भी अर्जित की।
CBI की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अधिकारी ने 1 जनवरी 2013 से 31 मार्च 2025 के बीच अपने, अपनी पत्नी और बेटे के नाम पर कुल ₹3,32,93,298 की चल-अचल संपत्ति अर्जित की, जो कि उसकी ज्ञात वैध आय से कहीं अधिक है।
CBI अधिकारियों की टीम फिलहाल जब्त दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच में जुटी है। प्रारंभिक साक्ष्यों से संकेत मिल रहे हैं कि यह मामला सिर्फ आय से अधिक संपत्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें कई अन्य अनियमितताओं और घोटालों की परतें खुल सकती हैं।
CBI ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है। सूत्रों के मुताबिक, अधिकारी के खिलाफ जल्द ही पूछताछ की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
यह कार्रवाई न केवल भ्रष्टाचार के खिलाफ एक मजबूत संदेश है, बल्कि सरकारी विभागों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कोई टिप्पणी नहीं