छत्तीसगढ़ पहुंचे अमित शाह, आचार्य विद्यासागर महाराज के स्मारक का भूमिपूजन और चरण अनावरण किया: डोंगरगढ़ (छत्तीसगढ़): केंद्रीय गृहमंत्री अमि...
छत्तीसगढ़ पहुंचे अमित शाह, आचार्य विद्यासागर महाराज के स्मारक का भूमिपूजन और चरण अनावरण किया:
डोंगरगढ़ (छत्तीसगढ़): केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज डोंगरगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने आचार्य विद्यासागर महाराज के समाधि स्मारक का भूमिपूजन किया और उनके अष्टधातु से बने चरणों व चांदी के चित्र का अनावरण किया। यह कार्यक्रम आचार्यश्री के प्रथम समाधि स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से जैन संत, श्रद्धालु और अनुयायी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
राजकट्टा क्षेत्र में चंद्रगिरी पर्वत के किनारे साढ़े चार एकड़ भूमि पर 54 फीट ऊंचे भव्य स्मारक का निर्माण किया जाएगा, जो आचार्यश्री की शिक्षाओं और उनके आध्यात्मिक योगदान का प्रतीक बनेगा। इस स्मारक को जैन संस्कृति और विरासत का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनाने की योजना है।
अपने संबोधन में अमित शाह ने आचार्य विद्यासागर महाराज के त्याग, अहिंसा और आध्यात्मिकता के संदेश को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने जैन संतों और अनुयायियों के साथ इस पवित्र अवसर पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जैन समुदाय के प्रमुख संतों सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने समाधि स्थल पर विशेष पूजा-अर्चना कर आचार्यश्री को नमन किया।
कोई टिप्पणी नहीं